Budaun News: शादी का झांसा देकर डेढ़ लाख ठगे
– दातागंज क्षेत्र के गांव नौनी टिकन्ना के रहने वाले मां-बेटे ने पुलिस से की शिकायत
– गांव के ही दो व्यक्तियों ने एक महिला के साथ मिलकर दिया घटना को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं/दातागंज। कोतवाली क्षेत्र में युवक को शादी का झांसा देकर 1.55 लाख रुपये ठग लिए गए। इसके बाद उसे और उसकी मां को देवरिया ले जाकर कमरे में बंद कर दिया गया। आरोपी महिला और उसका साथी डेढ़ लाख रुपये की मांग करने लगे। विरोध करने पर दोनों की जमकर पिटाई की गई, साथ ही 80 हजार रुपये छीन लिए। किसी तरह बंधकमुक्त होकर मां-बेटे यहां लौटे और पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दी।
मूलरूप से कासगंज जिले के सोरों थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला वर्तमान में अपने परिवार के साथ दातागंज क्षेत्र के गांव नौनी टिकन्ना में रह रही है। महिला से बेटे की शादी कराने की बात उसके गांव के ही दो लोगों ने की। इसके बाद उन्होंने एक महिला को भी बुुलाया। बाद में मां-बेटे से कहा कि बेटे की शादी दो लाख में करा दी जाएगी।
इसके बाद उन्होंने लड़की पक्ष को देने के नाम पर 50 हजार रुपये ले लिए। बाद में देवरिया तक जाने के लिए 25 हजार रुपये और लिए। काफी समय तक युवक की शादी नहीं हुई तो उसकी मां ने उन लोगों से जल्द शादी कराने को कहा।
इस पर उन्होंने कहा कि देवरिया में बातचीत हो गई है। अब वहीं चलकर शादी करा देते हैं। इसके बाद वह मां-बेटे को देवरिया ले गए, जहां उन्होंने डेढ़ लाख रुपये की और मांग की। मां-बेटे ने कहा कि पहले लड़की दिखा दो, शादी के दौरान रुपये दे दिए जाएंगे।
इस बात से नाराज तीनों लोगों ने उन्हें नशा सुंघाकर दिया और एक कमरे में बंद कर दिया। साथ ही उनसे 80 हजार रुपये भी छीन लिए। किसी तरह मां-बेटा यहां लौटे और पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दी। सीओ कर्मवीर सिंह ने बताया कि तहरीर आई है तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।