Rampur News: छत से गिरकर होमगार्ड की मौत
स्वार/टांडा। कोतवाली स्वार में तैनात होमगार्ड संजीव चौहान (31) अपने गांव चक गजरौला स्थित आवास की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उत्तराखंड के काशीपुर स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
थाना टांडा क्षेत्र के गांव निवासी होमगार्ड संजीव रविवार शाम ड्यूटी से लौटने के बाद गांव में एक रिश्तेदार की बेटी की शादी के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात करीब तीन बजे शादी से लौटकर वह सोने के लिए छत पर चले गए। परिजनों के अनुसार सुबह ड्यूूटी पर जाने के लिए चार बजे उठ जाते थे। नींद में उठने के चलते वह छत से ही घर के पीछे सड़क पर जा गिरे। कुछ देर बाद गांव का ही एक युवक हैंडपंप पर पानी लेने पहुंचा तो संजीव को घायल अवस्था में पड़ा देखकर परिजनों को जानकारी दी। परिजन तत्काल संजीव को लेकर काशीपुर स्थित निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर घर आ गए।
संजीव की छह साल पहले शादी हुई थी। उनकी पत्नी अंशु के अलावा दो बच्चे हैं। इसके अलावा परिवार में माता-पिता और भाई-बहन भी हैं। संजीव के पिता भरत सिंह खेती करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार संजीव बेहद मिलनसार और मृदुभाषी थे। उनके अंतिम संस्कार में काफी भीड़ रही। स्वार कोतवाल अजय कुमार मिश्रा समेत उपनिरीक्षक भी अंतिम संस्कार में पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी।