Budaun News: नाला निर्माण के नाम पर बहाए 21 लाख, अब नाला लापता

12बीडीएन23-सिरसा रोड पर बना कच्चा नाला। संवाद
शहर में सिरसा रोड पर होने वाले जलभराव को खत्म करने लिए बनी थी योजना
– विधायक निधि से सीवरेज की तर्ज पर कराया गया था नाला निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शहर में सिरसा रोड पर होने वाले जलभराव को खत्म करने के लिए अंडरग्राउंड नाला निर्माण कराए जाने के नाम पर 21 लाख रुपये खर्च कर दिए गए. पर अब नाला ही लापता है। फिलहाल यहां शिलान्यास का पत्थर ही बचा है। बाद में नाला निर्माण पर खर्च किए गए बजट की जांच की गई और रिकवरी के लिए नोटिस भी जारी हुआ, मगर, यह कार्रवाई भी पूरी नहीं हो सकी।
शहर में सिरसा रोड पर पानी के निकास का इंतजाम न होने की वजह से वहां जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी रहती है। कई कॉलोनी के लोग बरसात के मौसम में यहां जलभराव की वजह से परेशान रहते हैं तो यह एरिया भी सही से विकसित नहीं हो पा रहा है। ऐसे में स्थानीय लोगों की मांग पर वित्तीय वर्ष 2018-19 में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने सिरसा रोड पर अंडरग्राउंड नाले का निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव पास कराया। नाले के निर्माण को 39.65 लाख रुपये का बजट भी जारी किया गया। बजट जारी होने के बाद कार्यदायी संस्था जल निगम ने यहां कार्य शुरू कराया तो 21 लाख की किश्त जारी कर दी गई। मगर, वह नाले का निर्माण कहां हुआ इसके बारे में किसी को पता नहीं है।
शिकायतें हुईं तो सामने आया घपला
कार्यदायी संस्था ने नाले का निर्माण कार्य पूरा दिखाते हुए बकाया बजट निकालने के लिए फाइल तैयार कर डीएम के पास भेजी। इसी दौरान सिरसा गांव के तमाम लोग तत्कालीन डीएम कुमार प्रशांत के पास पहुंच गए। उन्होंने बताया कि वहां कोई नाला तैयार नहीं किया गया है। समस्या पहले जैसी ही है। यह बात सामने आने के बाद तत्कालीन डीएम ने बकाया भुगतान पर रोक लगाते हुए मामले की जांच कराई तो सामने आया कि नाला निर्माण के नाम पर जमकर अनियमितताएं की गई हैं।
जल निगम को जारी किया गया था रिकवरी नोटिस
तत्कालीन डीएम कुमार प्रशांत ने तत्कालीन सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार को जांच सौंपी तो उन्होंने मौके पर जाकर देखा कि मानक के अनुसार नाले का निर्माण नहीं कराया गया है। चार इंच का पाइप डालकर सिर्फ औपचारिकताएं पूरी की गई हैं। अनियमितताओं को उजागर करते हुए तत्कालीन सिटी मजिस्ट्रेट ने रिकवरी के लिए नोटिस जारी किया था। मगर, इसके बाद यह जांच दबा दी गई। इससे अब वहां पर अंडरग्राउंड नाले के नाम पर डाले गए पाइप भी गायब हो चुके हैं।
कच्चे नाले में भरा दलदल, बारिश में बनेेगा मुसीबत
सिरसा रोड पर जलभराव की समस्या दूर नहीं हुई है। हालांकि ग्राम पंचायत की ओर से कुछ टुकड़ों में नाले का निर्माण कराया गया है, लेकिन अधिकांश हिस्से में अभी भी दलदल है। दलदल की वजह से आसपास के लोग परेशान हैं। उनको चिंता सता रही है कि बरसात के मौसम में यह दलदल उफनकर लोगों के घरों में घुसेगा।