Budaun News: 3.60 करोड़ से बदलेगी उझानी रेलवे स्टेशन की सूरत

उझानी रेलवे स्टेशन। संवाद
– अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत परिसर में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, स्टोर के पास बनेगा मॉडर्न टॉयलेट
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया कराने के लिए 3.60 करोड़ रुपये अवमुक्त किए हैं।
बदायूं-कासगंज के बीच स्थित उझानी स्टेशन पर यात्री सेवा विस्तार के तहत जो कार्य और कायाकल्प होना है, उसमें प्रवेश और विकास द्वार के अलावा पुराने द्वार को बंद कर उसके स्थान पर पार्किंग स्थल बनना भी शामिल है। इज्जतनगर रेलवे स्टेशन की तरह प्रवेश पोर्च का निर्माण होगा।
सर्कुलेटिंग एरिया मेें दो हाईमास्ट लाईटें लगेंगी।
स्टेशन के निकास द्वार बोर्ड और भवन के ऊपर नया स्टेशन नाम बोर्ड, सर्कुलेटिंग एरिया में एस्थेटिक साइनेज बोर्ड लगेंगे। प्रवेश द्वार के निकट दुकान और पुराने प्रसाधन को हटाकर उसके स्थान पर सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेलपथ) स्टोर के पास माॅडर्न टाॅयलेट ब्लॉक बनाया जाएगा। प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए मिनी शेल्टर्स में पंखे, लाइटों के अलावा सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कायाकल्प फर 3.60 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बता दें कि पूर्वोत्तर रेलवे का केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने निरीक्षण भी किया था।
–
उझानी रेलवे स्टेशन के कायाकल्प के लिए विभागीय स्तर से धनराशि मुक्त हो चुकी है यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
-राजेंद्र प्रसाद, पीआरओ, पूर्वोत्तर रेलवे