Budaun News: सिर में टिफिन मारकर घायल करने वाले पर रिपोर्ट दर्ज
30 जून को नेकपुर मोहल्ले में दंपती पर किया था हमला, मांगी थी रंगदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने सिर में टिफिन मारने वाले आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। उसने 30 जून को नेकपुर के एक दंपती पर टिफिन में पत्थर रखकर हमला कर दिया था, साथ ही 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। महिला के साथ छेड़खानी भी की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
शहर के नेकपुर निवासी दंपती के अनुसार उन्होंने आरोपी विकास कश्यप के खिलाफ एक साल पहले धोखाधड़ी और छेड़छाड़ करने पर एफआईआर दर्ज कराई थी। थाना पुलिस ने विवेचना करते हुए उसमें चार्जशीट भी लगा दी। इससे आरोपी उनसे चिढ़ गया था। 30 जून को वह घर के सामने गली में खड़े थे।
आरोप है कि तभी विकास टिफिन में पत्थर रखकर लाया। उसने महिला के पति के साथ मारपीट शुरू कर दी, उसको सिर में टिफिन मार दिया था, जिससे उसको गंभीर चोट आई थी। शोर शराबा सुनकर वह बाहर आई तो उसके साथ भी मारपीट की गई। उसके कपड़े भी फाड़ दिए थे। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
मारपीट देखकर मौके पर कई लोग एकत्र हो गए थे, जिन्होंने किसी तरह दंपती को बचाया था। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चला गया। इस मामले में पुलिस ने घायल व्यक्ति की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली है।