Budaun News: उझानी की महिला के खाते से 37 लाख निकाले
-बैंक में खाता खुलवाने वाले पर लगाया आरोप, एसएसपी को दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। उझानी की महिला से 37 लाख रुपये की धोखाधड़ी हो गई। उसका कहना है कि उसने कुछ दिन पहले अपनी जमीन बेची थी। उससे पहले शहर में इंदिरा चौक के नजदीक बैंक में अपना खाता खुलवाया था। उसका खाता जिस व्यक्ति ने खुलवाया था। उसने अपना मोबाइल नंबर लिखवा दिया था। जमीन बिक्री की रकम उसके खाते में आई लेकिन आरोप है कि खाता खुलवाने वाले ने 37 लाख रुपये निकाल लिए।
बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची उझानी कस्बे के मोहल्ला नझियाई निवासी सुदामा पत्नी देवकीनंदन ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने अपनी 37 लाख रुपये में जमीन बेची थी। उस दौरान शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चित्रांश नगर निवासी मनोज उनके घर पर आता जाता था। जमीन बेचने से पहले उसने ही हाथरस जिले के खरीदार से बात कराई थी। उसने कहा था कि जमीन बेचने से पहले शहर में इंदिरा चौक के नजदीक यूनियन बैंक में अपना खाता खुलवाना पड़ेगा। जमीन का सारा रुपया उसी खाते में आएगा। इससे वह उन्हें लेकर बैंक आया और उनका खाता खुलवा दिया लेकिन उनके खाते में अपना मोबाइल नंबर लिखवा दिया। इसकी उन्हें जानकारी नहीं थी। 22 अक्तूबर 2022 को उनकी जमीन का बैनामा हुआ। तभी उनके खाते में 23 लाख रुपये आ गए। उन्होंने अपने खाते से एक रुपया भी नहीं निकाला था। कुछ दिन पहले उन्हें पता चला कि उनके खाते से मनोज ने सारा रुपया निकाल लिया है। तो वह बैंक पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी की। पता चला कि मनोज ने रुपया निकालकर अपने खाते में डाल लिया है। इस संबंध में उन्होंने एसएसपी को तहरीर दी।
आरोपी ने महिला के देवर को किया अगवा
– महिला सुदामा का आरोप है कि उनके देवर लोकी उर्फ मुन्ना बाबू मानसिक रूप से कमजोर हैं, जिस दिन उन्होंने अपनी जमीन बेची थी। उसी दिन देवर ने भी अपनी जमीन बेची थी। तब से न तो उनके देवर का पता चल रहा है और न ही यह पता है कि उनके खाते में रुपया आया था या नहीं। महिला ने आरोपी मनोज पर ही उन्हें अगवा करने का आरोप लगाया है।



