बदायूं

Budaun News: 75 अमृत सरोवर का कराएं ऑनलाइन सर्वे और सत्यापन

Connect News 24

– डीएम ने अमृत सरोवर को लेकर की समीक्षा बैठक, पौधे लगाने का आदेश

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। कलक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में डीएम मनोज कुमार ने अमृत सरोवर के कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर का निर्माण सरकार का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इनका समय से और गुणवत्ता के साथ निर्माण कराया जाए। इसके चारों ओर पौधारोपण भी कराया जाए।

डीएम मनोज कुमार ने बताया कि 75 अमृत सरोवर का ऑनलाइन सर्वे और सत्यापन कराया जाएगा। इसके लिए विभागीय अधिकारी परस्पर समन्वय स्थापित कर लें। खंड विकास अधिकारी सहायक अभियंता आदि एक-दूसरे के साथ मिलकर कार्य करें। सीडीओ केशव कुमार ने बताया कि जिले में 200 से ज्यादा अमृत सरोवर बने हैं। 100 नए अमृत सरोवर का निर्माण और कराया जाना है। इसके लिए स्थान का चिह्नांकन करा लिया गया है। 100 नए अमृत सरोवर के निर्माण से जिले में 300 से ज्यादा अमृत सरोवर हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि अमृत सरोवर एक एकड़ या उससे अधिक रकबे पर बनाया जाता है। इसके लिए यह आवश्यक है कि वह राजस्व अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज हो। इस दौरान एडीएम प्रशासन विजय कुमार सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

समय से पूरा करें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का कार्य

बदायूं। डीएम मनोज कुमार ने बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि सभी अधिकारी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का कार्य समय से पूरा कर लें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निरस्त प्रार्थना पत्रों की स्क्रीनिंग कराने और लंबित आवेदनों को प्राथमिकता पर निस्तारण कराने का आदेश दिया है। उन्होंने आवेदकों के ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, लैंड सीडिंग से संबंधित कार्य भी कराएं। किसानों की समस्याओं का तुरंत निस्तारण कराएं। किसान इस देश की रीढ़ हैं। जब गांव सुखी व संपन्न होंगे तो देश व प्रदेश सुखी व तरक्की करेगा। संवाद

प्रत्येक पात्र बच्चे को उपलब्ध कराएं खाद्यान्न

बदायूं। डीएम मनोज कुमार ने कहा कि प्रत्येक पात्र बच्चे को अनुमन्य खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाना चाहिए। तहसील स्तर पर पोषण समिति की नियमित बैठक की जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की संख्या और उनका संचालन लगातार चेक करें। उन्होंने कहा कि अति कुपोषित बच्चों के परिवारों को राशन कार्ड, शौचालय और जॉब कार्ड उपलब्ध कराए जाएं। सेम व मैम बच्चों का विवरण स्वास्थ्य विभाग ई-कवच पर अपलोड करें। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि एनआरएलएम के जरिए ब्लॉक समरेर, दातागंज, वजीरगंज, म्यांऊ और जगत में बच्चों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा। संवाद

कन्या सुमंगला योजना की प्रति सप्ताह होगी समीक्षा

बदायूं। डीएम मनोज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना शासन की अति महत्वाकांक्षी और लाभार्थीपरक योजना है। उन्होंने योजना के तहत श्रेणी प्रथम व द्वितीय के लिए आईसीडीएस की आंगनबाड़ी वर्करों और आशा वर्कर के माध्यम से भी आवेदन पत्र लिए जाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि इस योजना की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जाएगी। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button