Budaun News: एसीएमओ ने की न्यू फैमिली हॉस्पिटल की जांच, नोटिस दिया
बदायूं। प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान बच्ची की मौत होने पर उसे ठीक बताकर परिजनों को सौंपने के मामले की सोमवार को एसीएमओ ने जांच की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस देकर कई बिंदुओं पर जवाब मांगा है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रोजगार दफ्तर के पास रहने वाले अमित गुप्ता ने अपनी 21 दिन की बेटी प्रीति को इलाज के लिए सदर कोतवाली क्षेत्र में लालपुल स्थित न्यू फैमिली हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। आरोप है कि बच्ची की इलाज में लापरवाही से मौत हो गई। इसके बाद परिजनों को यह कहकर बच्ची सौंप दी गई कि वह ठीक है, उसे घर ले जाएं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने डाॅ. जुनैद आलम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
अस्पताल बिना लाइसेंस के संचालित हो रहा था, इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग ने कोई कार्रवाई करना उचित नहीं समझा। मामला जब उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आया तो सोमवार को एसीएमओ डॉ. तहसीन टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और संचालक को नोटिस देकर लौट आए। स्वास्थ्य विभाग की लचर व्यवस्था और मामूली कार्रवाई के चलते जिले भर में बिना लाइसेंस के अस्पताल संचालित हो रहे हैं। इधर, डॉ. तहसीन का कहना है कि नोटिस देकर दो दिन में अस्पताल के रजिस्ट्रेशन संबंधी कागज तलब किए गए हैं। कागज न दिखाने पर अस्पताल सील कर दिया जाएगा।