Budaun News: मारपीट के बाद गला दबाकर की गई थी अलीगढ़ के युवक की हत्या

मृतक टि़ंकू का फाइल फोटो।
संभल जिले के जुनावई थाना क्षेत्र के कलेथा गांव ननिहाल आया था युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
दहगवां (बदायूं)। जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव विजयगढ़ी के जंगल में भीमपुर गांव के पास मिले युवक टिंकू की हत्या गला दबाकर की गई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मृतक के भाई की तहरीर पर गांव के ही चोब सिंह और मदनलाल पुत्रगण गोकिल तथा धर्मेंद्र पुत्र प्रेमराज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस घटना का जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है।
थाना क्षेत्र में संभल की सीमा से सटे भीमपुर गांव के पास कलेथा चौराहे पर झाड़ियों में घास काट रहे किसानों ने बुधवार दोपहर युवक का शव पड़ा देखा था। कुछ ही देर में पूरे गांव में इसकी सूचना पहुंच गई और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जुट गई थी। घटना की जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव कब्जे में ले लिया था।
युवक की शिनाख्त अलीगढ़ जिले के थाना दादो के गांव किस्तोली निवासी टिंकू के रूप में हुई थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। पुलिस टीम नामजद आरोपियों की तलाश में रवाना की गई है।
–
गांव की युवती को ले गया था मृतक का बड़ा भाई
युवक के मामा दामोदर ने बताया कि टिंकू का बडा भाई उत्तम कुछ समय पहले गांव की एक लड़की को अपने साथ ले गया था। बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। पुलिस ने जब युवती को कोर्ट में पेश किया तो उसने उत्तम के पक्ष में बयान दिया था। तब से उत्तम गांव में नहीं रहता। वहीं लड़की पक्ष के लोग टिंकू समेत पूरे परिवार से रंजिश मानते हैं। एसएचओ जरीफनगर राकेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की की पुष्टि हुई है। मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।



