Budaun News: अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रदेशाध्यक्ष को पाक से धमकी

मुकेश पटेल।
– पाकिस्तान के नंबर से व्हाट्सएप पर आई कॉल, बोला-आ रहा हूं मामू
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रदेशाध्यक्ष मुकेश पटेल को पाकिस्तान से धमकी मिली है। उन्हें दो दिन पहले पाकिस्तान के नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने उन्हें मामू कहकर संबोधित किया और उनसे कहा कि वह आ रहा है। इस पर मुकेश पटेल ने शुक्रवार को डीएम-एसएसपी से मिलकर सुरक्षा की मांग की।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव भरकुईया निवासी मुकेश पटेल ने ही पहल करके जामा मस्जिद का मुकदमा न्यायालय में दायर कराया था। तब से लगातार मुकदमे में सुनवाई चल रही है। मुकेश पटेल भी हर तारीख पर न्यायालय पहुंचते हैं।
बताते हैं कि मुकेश पटेल को पिछले साल भी दिल्ली से धमकी मिली थी। धमकी देने वाले ने सीधे फेसबुक पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। तब भी उन्होंने डीएम, एसएसपी से सुरक्षा मांगते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इस पर उन्हें एक गार्ड मुहैया करा दिया गया था लेकिन यह गार्ड केवल मुकदमे की तारीख वाले दिन सुबह से शाम पांच बजे तक उनके साथ रहता है। उसके बाद चला जाता है।
मुकदमे की तारीख वाले दिन के अलावा उन्हें सुरक्षा गार्ड नहीं दिया जाता। पटेल ने बताया कि दो दिन पहले उनके मोबाइल नंबर पर पाकिस्तान से नंबर से व्हाट्सएप पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि मामू मुझे पहचाना। उन्होंने अनभिज्ञता जताई तो बोला कि वह आ रहा है। उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
जब उन्होंने मोबाइल नंबर चेक किया तो वह पाकिस्तान का था। इस पर मुकेश पटेल शुक्रवार को डीएम और एसएसपी से मिले। उन्होंने प्रार्थना पत्र देते हुए इस मामले में कार्रवाई की मांग की और सुरक्षा मांगी। जिस पर अधिकारियों ने उन्हें सुरक्षा प्रदान कराने का आश्वासन दिया है।
–
आज मुकेश पटेल कार्यालय आए थे। एसएसपी के लिए लिख दिया है। वहीं से उन्हें सुरक्षा दी जाएगी और इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी को भी इस संबंध में बता दिया गया है।
– मनोज कुमार, डीएम
अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रदेशाध्यक्ष कार्यालय आए थे। उनकी शिकायत पर सर्विलांस टीम को जांच दे दी गई है। पहले यह पता लगाया जा रहा है कि वास्तव में वह नंबर पाकिस्तान का है या फिर किसी की शरारत है। इसकी छानबीन के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।
– डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी