Budaun News: खेत पर जा रहे वृद्ध किसान को सांड़ ने पटककर मार डाला

मृतक पीतंबर पाल का फाइल फोटो। संवाद
बिल्सी। खेत पर जा रहे 68 वर्षीय किसान पीतांबर पर बदायूं-बिजनौर हाईवे पर सांड़ ने हमला बोल दिया। उन्हें अपने सींगों पर उठाकर सड़क पर पटक दिया। इससे उनकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने लाठी-डंडे लेकर जैसे-तैसे सांड़ को भगाया। पुलिस ने किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कस्बे के मोहल्ला संख्या एक खैरी रोड निवासी किसान पीतांबर पाल (68) शनिवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे पैदल खेत पर जा रहे थे। जब वह बिजनौर-बदायूं हाईवे पर जाहरवीर बाबा मंदिर के नजदीक पहुंचे तो वहां दो सांड़ सड़क के बीच लड़ रहे थे। राहगीर सांड़ों से बचने के लिए किनारे से निकल रहे थे। पीतांबर ने भी किनारे से निकलने की कोशिश की, लेकिन तभी एक सांड़ ने उन्हें सींगों पर उठाकर सड़क पर पटक दिया।
यह देखकर राहगीरों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर आ गए। उन्होंने जैसे-तैसे सांड़ को भगाया। राहगीरों की सूचना पर परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। पीतांबर को तुरंत नजदीक के निजी अस्पताल ले गए, जहां कुछ देर बाद ही उन्होंने दम तोड़ दिया। परिवार वाले शव घर ले गए थे। बाद में पुलिस ने शव सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।