Budaun News: अरिल नदी के पुल से होगा बरेली, रामपुर और मुरादाबाद का सफर आसान

दबतोरी-सिरौली मार्ग पर बन रहा पुल। संवाद
बदायूं/दबतोरी। बिसौली से बरेली और दबतोरी से होकर रामपुर, मुरादाबाद जाने वाले लोगों की राह अब अरिल नदी पर पुल बन जाने से काफी आसान हो जाएगी। करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल का काम मार्च-24 तक पूरा होना है। इस पुल के बन जाने से बिसौली तहसील क्षेत्र के करीब 40 गांवों की 10 लाख आबादी को फायदा मिलेगा।
दबोतरी-सिरौली मुख्य मार्ग पर बना अरिल नदी का पुराना पुल बेहद संकरा है। आमने-सामने से दो वाहन नहीं निकल पाते हैं। पहले एक ओर के वाहन गुजरते हैं फिर दूसरी ओर के। अगर वाहन आमने-सामने आ जाएं तो फंस जाते हैैं। वैसे तो अरिल नदी सूखी ही रहती है, लेकिन बरसात के दिनों में इसमें पानी आ जाता है।
पानी बढ़ने पर पुल के ऊपर आ जाता है। इससे कई-कई दिनों तक रास्ता तक बंद हो जाता है। तब स्थिति यह हो जाती है कि लोगों को बिसौली से रामपुर, मुरादाबाद जाने के लिए दूसरी राह पकड़नी पड़ती है, लेकिन नया पुल के बन जाने के बाद ऐसा नहीं होगा। लोगों को जहां पुराने पुल पर वाहनों की फंसने की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी, वहीं बारिश के दिनों में परेशान नहीं होना होगा।
लोगों की मांग पर जनप्रतिनिधियों की पैरवी के बाद शासन ने अरिल नदी पर पुल निर्माण के लिए कुछ समय पूर्व 2.59 करोड़ रुपये मंजूर कर कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग को निर्माण कार्य मार्च तक पूरा कराने के निर्देश दिए। धनराशि मिलते ही लोक निर्माण विभाग ने इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया है, जो अब तेजी पकड़ रहा है।
इन जगहों के लिए जाने वालों को होगा फायदा
इस पुल के बन जाने के बाद बिसौली से रामपुर, बरेली, मुरादाबाद और पड़ोसी राज्य उत्तराखंड जाने वाले लोगों को लाभ मिल सकेगा। उत्तराखंड के उधमसिंह नगर की इस मार्ग से दूरी काफी कम है, इसलिए वहां पर भी इस क्षेत्र के लोगों का आना-जाना अधिक रहता है। खासकर व्यापारी वर्ग को ज्यादा लाभ मिलेगा। क्षेत्र के व्यापारी संभल, मुरादाबाद, रामपुर समेत अन्य जिलों में रोज ही आते-जाते हैं।
बारिश के दिनों में करनी पड़ती है ज्यादा दूरी तय
अरिल नदी का पानी बारिश में दबतोरी-सिरौली मार्ग पर बने पुल पर आ जाता है। इससे आवागमन बाधित हो जाता है। ऐसे में रामपुर, मुरादाबाद जाने के लिए लोगों को बिसौली से दबतोरी-सिरौली मार्ग पर न जाकर बिसौली से आसफपुर जाना होता है। इसके बाद वहां से ढकिया मधुकर होते हुए शाहबाद, रामपुर, मुरादाबाद जाते हैं। ऐसे में 30 से 40 किलोमीटर का फेर पड़ता है। बारिश के दिनों में बिसौली से बरेली जाने के लिए आंवला वाला रोड चुनते हैं। उधर से बरेली की दूरी करीब 90 किलोमीटर है, जबकि दबतोरी-सिरौली रोड से 70 किलोमीटर है।
फैक्ट फाइल
– पुल की लंबाई-40 मीटर
-चौड़ाई -7 मीटर, टू लेन
– पूरा करने का समय- मार्च – 24
– लागत- 2.59 करोड़ रुपये
-कार्यदायी संस्था- लाेक निर्माण विभाग
– अरिल नदी पर अभी तक पुराना पुल बना हुआ था जो काफी संकरा है। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही थी, साथ ही बरसात के समय पुल पर पानी आ जाता था। इससे यातायात बाधित होता था। इसको ध्यान में रखते हुए नये पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। मार्च तक इसको पूरा कर दिया जाएगा।
-प्रदीप कुमार, जेई लोक निर्माण विभाग