पीलीभीत

Pilibhit News: सेहरामऊ क्षेत्र में एक भी परीक्षा केंद्र नहीं, 40 किमी दूर लगानी होगी दौड़

Connect News 24

पिछले वर्ष क्षेत्र में थे तीन केंद्र, शासन ने किया निरस्त

संवाद न्यूज एजेंसी

पीलीभीत। सेहरामऊ क्षेत्र में तीन परीक्षा केंद्र थे, जो इस बार निरस्त कर दिए गए हैं। ऐसे में क्षेत्र के 500 से अधिक छात्र-छात्राओं को 40 किलोमीटर दूर पूरनपुर परीक्षा देने के लिए दौड़ लगानी पड़ेगी।

वर्ष 2024 की बोर्ड परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जिले में 75 केंद्र निर्धारित किए हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार 10 परीक्षा केंद्र हटाए गए हैं, जिसमें सेहरामऊ क्षेत्र के तीन केंद्र शामिल हैं।

इसमें पंडित जियालाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सपहा, सेवाराम नत्थूलाल इंटर कॉलेज जोगराजपुर व ग्राम विकास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कढ़ैया कनपरा का परीक्षा केंद्र शामिल है। इन तीनों केंद्रों पर क्षेत्र के 94 गांवों के करीब 500 से अधिक बच्चे हर वर्ष परीक्षा देते हैं, लेकिन इस बार इन विद्यार्थियों को पूरनपुर की दौड़ लगानी पड़ेगी। इसको लेकर अभिभावकों में आक्रोश है। अभिभावकों ने सांसद और विधायक से परीक्षा केंद्र बनवाने की मांग की है।

जंगल से गुजरकर परीक्षा देने जाएंगे बच्चे

परीक्षा केंद्र निरस्त होने से अब छात्र-छात्राओं को सेहरामऊ से चलतुआ गांव होते हुए पूरनपुर परीक्षा देने के लिए जाना होगा, जो 40 से 45 किलोमीटर दूर है। जहूरगंज से शेरपुर होकर पूरनपुर जाने में हरीपुर रेंज का जंगल पड़ता है। कुर्रैया तरफ से हाईवे होकर जाने पर फत्तेपुर सिंहपुर का जंगल पार करना पड़ेगा। ऐसे में छात्र-छात्राओं को असुविधा होगी। बाघ का भी डर रहेगा।

25 पुराने हटाए तो 15 नए बढ़ाए गए केंद्र

पिछले साल जिले में 85 केंद्रों पर परीक्षा कराई गई थी, लेकिन इस बार 75 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें पुराने 25 केंद्र हटाए गए हैं, जबकि 15 नए केंद्र बनाए गए हैं।

सेहरामऊ क्षेत्र में भी परीक्षा केंद्र बना दिया जाएगा, ताकि बच्चों को ज्यादा दिक्कत का सामना न करना पड़े। परीक्षा केंद्रों पर जो आपत्तियों आई हैं, उनका निस्तारण जिला कमेटी करेगी। साथ ही परीक्षा केंद्र के लिए संस्तुति बोर्ड को भेजेगी।

-गिरजेश कुमार चौधरी, डीआईओएस


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button