Budaun News: ऑटोलिफ्टर गिरफ्तार, चोरी की पांच बाइक व एक स्कूटी बरामद

अलापुर थाने में खड़ी बरामद चोरी की बाइक।स्रोत-पुलिस
अलापुर। थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह ककराला चौराहे से एक ऑटोलिफ्टर को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका साथी भाग गया। पकड़े गए ऑटोलिफ्टर की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की पांच बाइक और एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर उसको जेल भेज दिया है।
इंस्पेक्टर धनंजय सिंह के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह पुलिस टीम अलापुर कस्बे में ककराला चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उन्हें पता चला कि एक बाइक से दो संदिग्ध लोग अलापुर कस्बे की ओर आ रहे हैं। इस पर उन्होंने ककराला चौराहे पर एसआई राकेश सिंह चौहान, एसआई राजीव सिंह चौहान और पुलिस टीम को सतर्क कर दिया। साथ ही स्वयं भी पुलिस टीम के साथ घेराबंदी कर दी।
करीब आधा घंटा बाद अपाचे बाइक पर दो लोग अलापुर कस्बे की ओर आते दिखाई दिए। नजदीक आने पर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति कूदकर भाग गया। बाइक चलाने वाले ने भी भागने की कोशिश की पर पुलिस ने उसे दबोच लिया।
मांगने पर वह बाइक के कागजात नहीं दिखा पाया। पूछताछ में उसने अपना नाम ग्राम गिलटैय्या निवासी मनोज बताया। बाद में उससे थाने ले जाकर पूछताछ की गई। तब उसने बताया कि उसका फरार साथी उसके गांव का ही गुड्डू है। यह बाइक चोरी की है। वह इसे दातागंज बेचने जा रहे थे।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके घर पर छापा मारा तो वहां से चोरी की चार बाइक और एक स्कूटी और बरामद हुईं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मनोज को जेल भेज दिया है। उसके खिलाफ 12 मामले पहले भी दर्ज हैं।
कुछ दिन पहले आरोपियों को छोड़ दिया था म्याऊ चौकी पुलिस ने
बृहस्पतिवार सुबह अलापुर थाना पुलिस ने जिस ऑटोलिफ्टर से पांच बाइक और एक स्कूटी बरामद कीं, उसको और उसके साथियों को कुछ दिन पहले म्याऊ चौकी पुलिस ने भी पकड़ा था। आरोप है कि तब साठगांठ कर आरोपी छूट गए थे। मामला काफी चर्चित रहा था। सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया था।