Pilibhit News: बेनीपुर गांव पेड़ में उतरे करंट से मजदूर की मौत

बीसलपुर के गांव बेनीपुर में घटना स्थल पर लगी भीड़ । स्रोत – ग्रामीण
बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली के गांव बेनीपुर में बृहस्पतिवार की शाम पेड़ में करंट उतर आने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे से मृतक के घर कोहराम मच गया है।
गांव बेनीपुर निवासी भूपराम ने बताया कि उनका भतीजा उमेश शर्मा (33) बृहस्पतिवार की शाम गांव के बाहर गूलर के पेड़ के नीचे खड़ा था। वह उसे पकड़े हुए भी था। पास में कुछ और लोग भी बैठे थे, लेकिन वह पेड़ पकड़े नहीं थे। यहां से बिजली की लाइन पेड़ को छूती हुई गुजर रही है। अचानक तारों से करंट पेड़ में उतर आया। करंट लगते ही उमेश की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पावर कॉरपोरेशन के कर्मचारियों ने उस इलाके की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। मौके पर भीड़ लग गई। उमेश के घरवाले भी आ गए। कोतवाल उमेश सोलंकी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। गांव के सुमित गंगवार ने बताया कि वह पिछले काफी समय से बिजली के तार ऊंचा कराने की मांग कर रहे थे। किसी के ध्यान न देने से हादसा हो गया।