Budaun News: सरदार पटेल महाविद्यालय में लगेंगी बीए-बीकॉम की कक्षाएं

सरदार पटेल महाविद्यालय में बैठक करते समिति के सदस्य।
सिलहरी (बदायूं)। दातागंज तिराहे पर स्थित सरदार पटेल महाविद्यालय की शुरुआत होने जा रही है। अब उसमें जिले के बच्चे पढ़ सकेंगे। शुरुआती दौर में बीए और बीकॉम की कक्षाएं शुरू कराने का निर्णय लिया गया है। जल्द ही समिति इसकी शुरुआत करेगी।
सरदार पटेल महाविद्यालय में शनिवार को समिति के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें समिति के अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल और तमाम कार्यकर्ताओं ने कॉलेज की शुरुआत कराने का निर्णय लिया। अनूप सिंह पटेल ने बताया कि सभी कार्यकर्ताओं और सदस्यों ने मिलकर रूपरेखा तैयार कर ली है। 15 अगस्त को कॉलेज में सुबह 10 बजे ध्वजारोहण होगा। इस दौरान समिति के कार्यकर्ता यहां मौजूद रहेंगे। उस दिन एक बैठक भी होगी।
इसमें महाविद्यालय चलाने के लिए संसाधन जुटाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि संस्था के प्रत्येक सदस्य को एक हजार रुपये वार्षिक सदस्यता शुल्क देना होगा। प्रत्येक माह की 15 तारीख को महाविद्यालय में बैठक होगी। समिति के सदस्य सुभाष सिंह ने बताया कि संस्था के सदस्य घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। प्रेमपाल सिंह ने बताया कि इस बैठक में लगातार अनुपस्थित रहने वाले सदस्यों को नोटिस भेजा जाएगा, जिससे वह अपनी जिम्मेदारी का ध्यान रख सकें।
मृतक सदस्यों के स्थान पर उनके परिवार के लोगों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों से शुल्क जमा करने को कहा है। अनूप सिंह ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं ठीक होने के बाद कॉलेज में शिक्षण कार्य शुरू कराया जाएगा। शुरुआती दौर में बीए और बीकॉम की कक्षाएं लगाई जाएंगीं। जल्द ही यहां शिक्षण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।