Budaun News: रेस्टोरेंट में बजरंग दल ने पकड़े दो प्रेमी युगल, हंगामा
पुलिस ने युवतियों को छोड़ा, युवकों से पूछताछ शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शहर में इंदिरा चौक के नजदीक बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक रेस्टोरेंट से दो युवतियों के साथ दो मुस्लिम युवकों को पकड़ लिया, जिससे मौके पर हंगामा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें थाने ले आई लेकिन बाद में युवतियों को छोड़ दिया। युवकों से अभी पूछताछ चल रही है। कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
मामला मंगलवार दोपहर का है। दो युवतियां, दो मुस्लिम युवकों के साथ इंदिरा चौक के नजदीक रेस्टोरेंट में पिज्जा खा रहीं थीं। उसी दौरान बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। उन्होंने युवतियों के साथ मुस्लिम युवकों को देखते ही हंगामा कर दिया। उनकी वीडियो बनाई और युवतियों के परिवार वालों को सूचना दे दी।
सूचना पर सिविल लाइंस इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। युवतियों को भी सिविल लाइंस थाने ले जाया गया। युवतियों के परिवार वाले भी वहां पहुंच गए। युवतियों ने बताया कि लड़के उनके दोस्त हैं और वे बालिग हैं। वे केवल रेस्टोरेंट में पिज्जा खाने पहुंची थीं।
पुलिस ने युवतियों को उनके परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया है। इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई ने बताया कि अभी मामले की जांच चल रही है। इसमें जांच के बाद कार्रवाई होगी।