Budaun News: स्नान से तन, ध्यान से मन होता है शुद्ध

हार्टफुलनेस के केंद्र पर ध्यान प्रशिक्षण लेने आए संतजन।स्रोत-स्वयं
बदायूं। जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्र ने कहा कि मन को केंद्रित और शरीर को स्वस्थ रखने के अलावा ध्यान हमें सहज और सरल बनाता है। हम परेशानियों के बजाय समाधान पर केंद्रित होते हैं। तन की स्वच्छता के लिए स्नान और मन की शुद्धता के लिए ध्यान जरूरी है।
ककोड़ा मेले में लगे हार्टफुलनेस के चार दिवसीय शिविर के दूसरे दिन यहां पहुंचे डीएसओ ने ध्यान की महत्ता बताई। कहा, ध्यान से एकसमान विचारधारा स्थापित होने से वैश्विक भाईचारा बढ़ेगा। पवित्रता और शांति महसूस होगी। संस्थान के जोनल समन्वयक अनुज सक्सेना ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को हार्टफुलनेस संस्थान के मुख्यालय कान्हा शांतिवनम हैदराबाद, तेलंगाना पहुंचे थे।
योग और ध्यान को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने संस्थान के अध्यक्ष एवं पद्मभूषण कमलेश डी पटेल साथ मंच साझा किया। इसका लाइव टेलीकास्ट भी पूर्वाह्न 11:30 बजे शिविर में प्रसारित किया गया। उन्होंने बताया कि सोमवार को सुबह नौ बजे और शाम को पांच बजे सामूहिक ध्यान के सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा सुबह सात बजे से रात 10:30 बजे तक निशुल्क ध्यान का प्रशिक्षण कार्य चलता रहेगा।
इस मौके पर शिविर के प्रवेश द्वार पर सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है। तमाम साधु संत भी शिविर में पहुंच गए हैं। ध्यान के बाद लोग यहां पने परिजनों के साथ सेल्फी लेते रहे। इस मौके पर केंद्र समन्वयक संतोष सक्सेना, लखन सिंह, मोहन स्वरूप गंगवार, हेमंत कुमार, अशोक कुमार सिंह, अनिल गंगवार, अवधेश, अवनेश्वर आदि उपस्थित रहे।



