Pilibhit News: रात में आंख खुलने पर एकदम बिस्तर न छोड़ें

स्वास्थ शिविर में एनसीसी कैडेट्स का स्वास्थ परीक्षण करती डॉक्टर सुनीता सैनी । संवाद
पूरनपुर। ठंड में रात को रजाई, कंबल में सोने से शरीर का तापमान बढ़ जाता है। सुबह आंख खुलने पर एक दम बिस्तर न छोड़ें। शरीर का तापमान सामान्य होने पर ही उठें। यह बात आयुर्वेदिक चिकित्सालय की चिकित्साधिकारी डॉ. सुनीता सैनी ने गन्ना कृषक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में लगे स्वास्थ्य शिविर में कही।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित शिविर में डॉ. सुनीता सैनी ने 55 एनसीसी कैडेट्स का स्वास्थ्य परीक्षण किया और बदलते मौसम में रहन-सहन के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि ठंड में दही का सेवन न करें। इससे खांसी, जुकाम होने की आशंका अधिक रहती है। धूल से बचने के लिए सरसों का तेल अंगुली से नथुनों में लगाना चाहिए। इससे धूल शरीर के अंदर प्रवेश नहीं करेगी और जुकाम, खांसी से बचाव भी हो सकेगा।
डॉ. सैनी ने कहा कि ठंड का सीजन हेल्दी सीजन कहा जाता है। इन दिनों पत्तेदार सब्जी, मूली, गाजर, चुकंदर आदि खूब खानी चाहिए। उन्होंने कहा कि 15 से 25 साल की उम्र में मुहासे अधिक होते हैं। गाजर, पालक, चुकंदर खाने से इसमें लाभ होता है। पीलिया रोग सही होने के बाद कभी कभार कुछ लोगों की आंखों में पीलापन रह जाता है। इसे गंभीरता से न लेने पर बाद में आंखों में पीलापन की समस्या हो जाती है। मूली का साग हफ्ते में तीन बार खाने से आंखों का पीलापन दूर हो जाता है।
धनिया की पत्ती का रस सावधानी से आंखों में डालने से आंखों का पीलापन दूर होता है। खून की कमी होने पर उन्होंंने गुड़, चना, केले का सेवन करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि शिविर में पेट में कीड़े, कम हीमोग्लोबिन की समस्या अधिकांश कैडेट्स में पाई गई, जिनको परामर्श दिया गया। प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार शर्मा और एनसीसी प्रभारी डॉ. अर्निका दीक्षित ने एनसीसी कैडेट्स को दिए गए टिप्स का पालन करने की सलाह दी।
कॉलेज में लगे स्वास्थ्य शिविर में बदलते मौसम में स्वस्थ रहने, खान-पान सुधारने की जानकारी मिली। इसका अमल कर परिवार के अन्य सदस्यों को भी इसकी जानकारी दूंगी। – निभा शर्मा
शिविर में पेट में कीड़े होने, धूल, जुकाम, खांसी से बचने आदि की जानकारी मिली। चिकित्सक से विभिन्न बीमारियों से बचाव के तरीकों की भी जानकारी हुई। – निशा यादव

स्वास्थ शिविर में एनसीसी कैडेट्स का स्वास्थ परीक्षण करती डॉक्टर सुनीता सैनी । संवाद

स्वास्थ शिविर में एनसीसी कैडेट्स का स्वास्थ परीक्षण करती डॉक्टर सुनीता सैनी । संवाद

स्वास्थ शिविर में एनसीसी कैडेट्स का स्वास्थ परीक्षण करती डॉक्टर सुनीता सैनी । संवाद



