Budaun News: डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार ससुर-दामाद की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Tue, 20 Jun 2023 12:38 AM IST

हादसे के बाद थाने में खड़ी डीसीएम। संवाद
बिल्सी/उघैती। बदायूं-बिजनौर स्टेट हाईवे पर गांव चाचीपुर के पास डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार ससुर, दामाद की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के बाद चालक डीसीएम छोड़कर भाग गया। उघैती थाना पुलिस ने डीसीएम अपने कब्जे में ले ली है।
उघैती थाना क्षेत्र के गांव ईखखेड़ा निवासी 26 वर्षीय गौतम अपने ससुर रामजीमल और साली 10 वर्षीय भूरी के साथ बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव बेहटा गुसाईं स्थित अपनी ससुराल से बाइक से ईखखेड़ा जा रहे थे। रात करीब नौ बजे बदायूं-बिजनौर स्टेट हाईवे पर गांव चाचीपुर के पास सामने की ओर से आ रही डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक डीसीएम छोड़कर भाग गया।
राहगीरों की सूचना पर उघैती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को लेकर बिल्सी सीएचसी पहुंची, जहां गौतम और उनके ससुर रामजीमल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायल भूरी को हायर सेंटर रेफर किया गया है। इस संबंध में बिल्सी एसएचओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में दो लोगों के मरने की सूचना अस्पताल प्रबंधन ने दी है। इस मामले में उघैती पुलिस कार्रवाई करेगी।