Budaun News: मुठभेड़ में बाइक चोर ने सूजे से किया हमला, तीन पुलिसकर्मी घायल

उझानी में घायल बदमाश गौर सिंह। संवाद
कछला-कादरचौक रोड पर पुलिस ने की थी घेराबंदी, फायरिंग में हमलावर घायल, दो गिरफ्तार, एक फरार
चोरी की बाइक और तमंचा बरामद, एटा में तैनात प्लाटून कमांडर का बेटा है घायल बाइक चोर
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। कादरचौक-कछला रोड के पास कटरी में पुलिस और बाइक चोर गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने दो बाइक चोरों को गिरफ्तार कर लिया जबकि उनका एक साथी भाग गया। मुठभेड़ के दौरान एक बाइक चोर ने सूजे से हमला कर दिया जिससे तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस दौरान हुई फायरिंग में हमलावर गोली लगने से घायल हो गया। वह एटा जिले में होमगार्ड के प्लाटून कमांडर का बेटा है।
मुठभेड़ शनिवार दोपहर करीब एक बजे हुई। पुलिस के मुताबिक, सूचना पर कछला चौकी इंचार्ज दिनेश तिवारी समेत चार पुलिस कर्मियों ने कादरचौक रोड पर घेराबंदी की तो उन्हें देखकर बाइक सवार बदमाश भागने लगे। पुलिस ने दो बदमाशों को दबोच लिया। इस दौरान एक ने जेब से सूजा निकाल कर पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया। इसमें सिपाही ओमकार सिंह, आकाश और सत्येंद्र कुमार मामूली रूप से घायल हो गए। इसी फायरिंग भी हुई। जवाबी फायरिंग में गोली लगने से सूजा से हमला करने वाला बदमाश एटा जिले में सहावर थाना क्षेत्र के गांव बडारी कलां निवासी गौरव सिंह (36) पुत्र विजय सिंह घायल हो गया। उसका पिता होमगार्ड में प्लाटून कमांडर है। उसके पास से चोरी की बाइक और एक तमंचा मिला है। घायल बदमाश गौरव और सिपाहियों ओमकार, आकाश और सत्येंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाकर प्राथमिक उपचार कराया गया। बदमाश गौरव का कासगंज जिले में आपराधिक रिकाॅर्ड भी बताया गया है। उसके खिलाफ हत्या के अलावा चोरी के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके फरार साथी का पता लगा रही है।
—
देर शाम सस्पेंस, देर शाम साफ हुई तस्वीर
उझानी। मुठभेड़ दोपहर करीब एक बजे हुई लेकिन बाइक चोरों की गिरफ्तारी को लेकर छह घंटे तक सस्पेंस कायम रहा। पुलिसकर्मी हकीकत बयां करने की बजाय एक-दूसरे से बात कर लेने की कहकर मामले को टालते नजर आए। देर शाम एसपी ने पूरा घटनाक्रम स्पष्ट किया।
मुझे पकड़कर गोली मार दी.. कहकर गौरव मांगने लगा चाय
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज के लिए लाए गए घायल बदमाश गौरव सिंह ने पुलिस मुठभेड़ पर सवाल खड़े कर दिए। वह मरहम-पट्टी के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों से झल्लाता रहा। जब उसे पत्रकारों के बारे में पता लगा तो अपने पिता का नंबर बताकर फोन कराने पर जोर दिया। कहने लगा कि फोन करके पिता विजय को बता देना कि तुम्हारे बेटे को पुलिस ने पकड़ कर पैर में गोली मार दी है। उसने साथी बदमाश जगवीर की भूमिका पर भी सवाल उठाया। इलाज के दौरान ही पहले पानी मांगा, फिर चाय मंगा देने को कहा। अनसुना किए जाने पर वह एक दरोगा से भी उलझ गया।
कछला घाट से चोरी हो चुकी है डेढ़ दर्जन से अधिक बाइक
कांवड़ मेला के दौरान कछला गंगाघाट पर बाइक चोरी की कई घटनाएं हुईं थीं। बदायूं, बरेली, फिरोजाबाद और कासगंज जिले के श्रद्धालुओं को बाइक चोरों ने शिकार बनाया था। एक दर्जन से अधिक बाइक चोरी के मामले कोतवाली दर्ज भी हैं। बताते हैं कि इसी सिलसिले में एक बदमाश दो दिन पहले पुलिस के हत्थे चढ़ गया था। उसी से पूछताछ के बाद गिरोह से जुड़े बदमाशों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया गया। मुठभेड़ भी इसी का हिस्सा बताई जा रही है।
उझानी कोतवाली क्षेत्र की कछला चौकी पुलिस वाहन चोर की सूचना पर गई थी। पुलिस ने दो बदमाशों को पकड़ भी लिया था लेकिन बदमाश गौरव ने सिपाहियों को सूजा भोंककर घायल कर दिया और भाग खड़ा हुआ। बाद में उसने फायरिंग कर दी, जिससे पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी। इसमें गौरव को पैर में गोली लगी है। इसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।
– डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी

उझानी में घायल बदमाश गौर सिंह। संवाद

उझानी में घायल बदमाश गौर सिंह। संवाद



