Shahjahanpur News: बोर्ड बैठक में स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था पर जोर

कलान में नगर पंचायत अध्यक्ष मुख्तियार अहमद की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक। संवाद
शाहजहांपुर। कटरा नगर पंचायत कार्यालय में शनिवार को हुई बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए 15,81,74,000 रुपये का अनुमानित आय-व्यय का बजट स्वीकृत किया गया। बैठक में स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।
सराए मोहल्ले की वार्ड सदस्य राबिया बेगम बीमार होने के कारण बैठक में अनुपस्थिति रहीं। अध्यक्ष मुख्तियार अहमद की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक शुरू होते ही सबसे पहले चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग के लिए सर्वसम्मति से धन्यवाद प्रस्ताव पास किया गया। सदस्य अनूप सिंह ने रामनगर काॅलोनी में जल निकास के लिए नाले का निर्माण कराने और अनुज त्रिपाठी ने नगर की पथप्रकाश व्यवस्था के लिए दो हजार स्ट्रीट लाइटों को लगाने का प्रस्ताव रखा।
अधिशासी अधिकारी कल्पना शर्मा ने 15,81,74,000 रुपये का अनुमानित आय-व्यय का बजट पेश किया। इसमें कर्मचारियों के वेतन, पीएफ, पेंशन, संविदा कर्मचारियों के मानदेय आदि के खर्च शामिल हैं। सफाई व्यवस्था पर 25 लाख, पेयजल की व्यवस्था पर 20 लाख रुपये व्यय करने को बोर्ड ने स्वीकृति प्रदान की है। संजीव कुमार सैनी, शशि देवी, अनुपम सिंह, अजीम खां, शीबो कुरैशी बानो, मो. अशरफ आदि मौजूद रहे।

