Budaun News: जिला अस्पताल में आज लगेगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

अजय गंगवार।
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। कई बार जरूरतमंद मरीजों को उनके ग्रुप का रक्त नहीं मिल पाता। ऐसे मरीजों को आसानी से रक्त मिल सके, इसको लेकर हर वर्ष की भांति अमर उजाला इस बार भी एक अक्तूबर को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन कर रहा है। तो आइए, इस मुहिम से जुड़ें और दूसरों को जिंदगी का उपहार दें।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से जिला अस्पताल ब्लड बैंक के सहयोग से एक अक्तूबर को राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी शिवम रस्तोगी का कहना है कि जो व्यक्ति रक्तदान करता है 24 घंटों में उतना खून दोबारा अपने आप बन जाता है। इसलिए रक्तदान कर आप किसी किसी की भी जान बचा सकते हैं। सीएमएस डॉ. कप्तान सिंह ने बताया कि रविवार को सुबह नौ बजे से चार बजे से ब्लड बैंक में कैंप लगाया जा रहा है। उसमें ज्यादा से ज्यादा लोग स्वैच्छिक रक्तदान करें।
–
नहीं आती है रक्तदान से कमजोरी
लोगों में भ्रांति है कि रक्तदान करने से कमजोरी आती है, लेकिन ऐसा नहीं है। डॉक्टरों के अनुसार रक्तदान करने से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती बल्कि शरीर में रेड ब्लड सेल्स की निर्माण प्रक्रिया और तेज हो जाती है। नियमित रक्तदान करने वालों को उच्च रक्तचाप व दिल की बीमारी होने का खतरा भी काफी कम हो जाता है।
रक्तदान कर चुके लोगों ने किया जागरूक
लोक निर्माण विभाग में तैनात / फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विस एसोसिएशन के मंडलीय अध्यक्ष मानव शर्मा स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर हर साल रक्तदान करते हैं। उनका कहना है कि रक्त की कोई कीमत नहीं होती है। रक्तदान से किसी का जीवन बचता है। इससे बड़ा पुनीत कार्य कोई नहीं है।
लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड में तैनात अवर अभियंता अजय गंगवार ने बताया कि मानवता की सेवा में इससे बड़ा कोई कार्य नहीं है। यह एक दीपक से हजारों दीपक जलाने जैसा कार्य है। मानव सेवा के लिए हमें रक्तदान करना चाहिए। वह हर वर्ष इस दिन रक्तदान करते हैं

अजय गंगवार।



