Budaun News: तहसीलदार के तबादले पर अड़े बिल्सी के वकील
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Thu, 10 Aug 2023 02:38 AM IST
बिल्सी। तहसील बार एसोसिएशन की ओर से तहसीलदार के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन और उनके कोर्ट का बहिष्कार स्थानांतरण होने तक जारी रखने का निर्णय लिया गया। तहसील में 15वें दिन भी अधिवक्ताओं का प्रदर्शन जारी रहा।
बार के अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि तहसीलदार की कार्यशैली के कारण जनता की समस्याओं का शासन की मंशा के मुताबिक निराकरण नहीं हो पा रहा है। इससे जनता को इसके लिए उच्चाधिकारियों के चक्कर काटने पड़ रहे है। पूर्व अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह ने कहा कि तहसीलदार की ओर से अनियमिताए कार्य, निर्विवादित वादों को लंबित करना और विवादित विवादों में विधि विरुद्ध मनमाने तरीके से आदेश करना और शिकायत करने पर अधिवक्ताओं के साथ अभद्रता करना आम बात हो गई है।
इस दौरान सभी ने निर्णय लिया कि तहसीलदार बिल्सी के न्यायालय में समस्त न्यायिक व प्रशासनिक कार्यों का बहिष्कार उनके स्थानांतरण तक जारी रहेगा। बताया कि पिछले दिनों बार के पदाधिकारियों और एडीएम प्रशासन विजय कुमार सिंह के मध्य इस प्रकरण को लेकर वार्ता हुई थी, जो पूरी तरह विफल रही। बाद में अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में तहसीलदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। संवाद