बदायूं

Budaun News: पांच हजार में खून का सौदा, पांच को पुलिस को सौंपा

Connect News 24

बदायूं। मेडिकल कॉलेज में पांच हजार रुपये लेकर खून देने वाले दो युवकों को शक होने पर ब्लड बैंक कर्मचारियों ने पकड़ लिया। सख्ती से पूछताछ पर दोनों ने बताया कि कॉलेज के ही दो कर्मचारियों के सहयोग से वे खून बेचने का धंधा करते हैं। इस पर प्राचार्य ने उन्हें, मेडिकल कॉलेज के दो कर्मचारियों और खून खरीदने वाले युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। प्राचार्य ने पुलिस को तहरीर भी दी है।

मामला शुक्रवार शाम का है। कॉलेज के प्रसूति रोग विभाग में भर्ती 19 वर्षीय महिला को खून की जरूरत पड़ने पर उसके पति ने अपने रिश्तेदारों व परिवार वालों को फोन किया लेकिन किसी ने खून देने की हिम्मत नहीं की। इस पर पति ने मेडिकल कॉलेज के संविदा पर तैनात गार्ड भूप सिंह व वार्ड बॉय सुमित शर्मा से संपर्क किया तो उन्होंने दो लोगों को बुलाकर कहा कि वे लोग पांच हजार रुपये लेते हैं और बदले में खून दे देते हैं।

परेशान युवक ने हामी भर दी, जिस पर कर्मचारियों ने खून देने वाले दोनों पेशेवर यूवक कॉलेज बुला लिए। रुपये लेने के बाद दोनों पेशेवर खून देने के लिए ब्लड बैंक पहुंच गए। यहां कर्मचारियों को दोनों पर शक हुआ तो इसकी पैथोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार भार्गव ने प्राचार्य डॉ. एनसी प्रजापति व सीएमएस डॉ. चंद्र प्रकाश को सूचना दी। जिस पर दोनों मौके पर पहुंच गए।

अधिकारियों ने दोनों से सख्ती से पूछताछ की तो पैसे लेकर खून देने की बात स्वीकार कर ली। यह भी बताया कि यहां तैनात गार्ड व वार्ड बॉय उनको फोन करते है तो वह रुपये लेकर खून देने आ जाते हैं। जो रुपये मिलते है उनमें से हिस्सा कर्मचारी भी लेते हैं।

यह सुनकर प्राचार्य ने शेखूपुर चौकी प्रभारी विनोद द्विवेदी को फोन पर सूचना दी। जिस पर पुलिस भी पहुंच गई। प्राचार्य ने दोनों पेशेवर यूवकों, दोनों कर्मचारियों व रुपये देकर खून खरीदने वाले महिला के पति को पुलिस के हवाले कर दिया। रात तक मामला दर्ज नहीं हुआ था।

सूचना मिलने पर मौके पर गए थे। जांच में सामने आया कि खून देने आए दोनों पेशेवर हैं। कॉलेज के दो कर्मचारियों गार्ड भूप सिंह व वार्ड बॉय सुमित शर्मा भी इस मामले में संलिप्त मिले। खून खरीदने के लिए रुपये देने वाले समेत पांच लोगों को पुलिस को सौंपकर र्कारवाई के लिए तहरीर दी है। कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।

– डॉ. एनसी प्रजापति, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button