Budaun News: केयर टेकर ने बेच दिया मकान, पांच के खिलाफ रिपोर्ट

बदायूं। सिविल लाइंस इलाके की आवास विकास कॉलोनी में एक केयर टेकर ने ही मकान का बैनामा कर दिया। मकान का कुछ हिस्सा खरीदने वाले विनोद सक्सेना ने पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर में डीएम रोड नेकपुर मोहल्ला निवासी विनोद सक्सेना का कहना है कि उन्होंने आवास विकास निवासी कमलेश सक्सेना और अमोक कुदेशिया से 31 अगस्त 2022 को एक मकान का चौथाई हिस्सा खरीदा था। मकान में सुभाषचंद्र सक्सेना, उनके भतीजे प्रथम सक्सेना, तृतीय सक्सेना और मनोज सक्सेना भी हिस्सेदार थे, लेकिन उन्होंने अपने हिस्से से ज्यादा का सीमा सक्सेना पत्नी सुशील सक्सेना को 29 अप्रैल 2022 को बैनामा कर दिया था। इस पर मकान में हिस्सेदार द्वितीय सक्सेना की पत्नी प्रीति सक्सेना ने सुभाष आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें पुलिस जांचकर चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है।
विनोद का कहना है कि द्वितीय सक्सेना का मकान में 10 वर्गमीटर का हिस्सा था लेकिन बाद में उन्होंने अपनी पत्नी प्रीति सक्सेना को मकान का केयर टेकर बताते हुए उससे ज्यादा हिस्से का बैनामा सीमा सक्सेना को कर दिया। इससे पहले दोनों पक्षों ने आपसी सांठगांठ कर ली थी, जबकि प्रीति के नाम न तो मकान था और न ही वह हिस्सेदार थीं।
इसके बावजूद उन्होंने केयर टेकर बनकर बैनामा कर दिया। इस पर विनोद कुमार ने सर्वोदय नगर बरेली निवासी प्रीति सक्सेना, उनके पति द्वितीय सक्सेना, जिला परिषद कॉलोनी बदायूं निवासी सीमा सक्सेना, गवाह उघैती के रुदायन पट्टी माधौ सिंह निवासी कुलदीप शर्मा और सुराही बिसौली निवासी मनोज कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।