Budaun News: दो वाहन चोर पकड़े, दो बाइकें बरामद कीं
दिल्ली और बरेली से चोरी करके लाए थे बाइकें
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। कोतवाली पुलिस ने दो बाइकों के साथ दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। वह दोनों बाइक बरेली और दिल्ली से चोरी करके लाए थे। उन्होंने दोनों बाइकों का चेचिस नंबर बदल दिया था। उन्हें बेचने की कोशिश कर ही रहे थे कि पकड़े गए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है।
शहर में कोतवाली पुलिस रविवार शाम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने चोरी की दो बाइकों के साथ दो वाहन चोर पकड़ लिए। पहले उन्होंने पुलिस से बचकर भागने की कोशिश की थी। इससे पुलिस को मामला संदिग्ध लगा और उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। उनकी बाइक कब्जे में ले ली गई। फिर उन्हें कोतवाली ले जाया गया।
जहां पूछताछ में उन्होंने अपने नाम आरिफपुर नवादा निवासी शुएब पुत्र वाहिद और अरुण पुत्र सतपाल बताए। दोनों ने बताया कि उन्होंने एक बाइक बरेली में चौबारी स्थित एक शराब की दुकान से चोरी की थी और दूसरी बाइक दिल्ली से चोरी करके लाए थे। उन्होंने बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर बदल दिया था। इसके बाद वह बाइक बेचने की फिराक में थे कि पकड़े गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सोमवार दोपहर दोनों को जेल भेज दिया गया।