बदायूं

Budaun News: नजदीकी हो सकते हैं चौकीदार के हत्यारे, खंगाले जा रहे सीसीटीवी कैमरे

Connect News 24

कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू, विभाग के कुछ कर्मचारियों पर शक

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। नलकूप निर्माण खंड के कार्यालय में हुई चौकीदार की हत्या के मामले में अब तक पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। माना जा रहा है कि इसमें हत्यारोपी नजदीकी हो सकते हैं। विभाग के कुछ कर्मचारियों पर भी शक जताया जा रहा है। इसमें कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रविवार रात नलकूप निर्माण खंड के कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कृष्ण अवतार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर चोटों के निशान मिले थे। उसका लिवर भी फटा हुआ था। पुलिस ने कार्यालय से एक शराब की बोतल, तीन गिलास और तीन मुरादाबादी दाल के खाली कुल्हड़ बरामद किए थे।

इससे अनुमान लगाया जा रहा था कि कर्मचारी की शराब पिलाकर हत्या की गई है। इसमें अब तक पुलिस को कोई ठोस सुबूत हाथ नहीं लगा है। पुलिस, कार्यालय के आसपास की बिल्डिंगों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। इसमें कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस विभागीय कर्मचारियों पर भी शक जता रही है। इससे कर्मचारियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई ने बताया कि छानबीन में लगे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button