Budaun News: बंदर के हत्यारोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल
फैजगंज बेहटा क्षेत्र के दांवरी गांव में बंदर की पीटकर कर दी गई थी हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। फैजगंज बेहटा इलाके में एक बंदर की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी है। बंदर की हत्या का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसके आधार पर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद मामले की विवेचना शुरू कर दी गई।
मामला डेढ़ माह पहले का है। थाना क्षेत्र के गांव दांवरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। उस वीडियो में एक युवक बंदर को डंडे से उठा-उठाकर पटकता दिखाई दे रहा था। वह बंदर को पटकते हुए गांव के बाहर ले गया था और उसे घायल अवस्था में पानी में फेंक दिया था, जिससे बंदर की मौत हो गई थी।
यह वीडियो वायरल होते हुए पशु मित्र विकेंद्र शर्मा के पास पहुंचा, जिसके आधार पर उन्होंने फैजगंज बेहटा थाने जाकर अज्ञात युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। मामले की विवेचना एसआई रमाकांत कर रहे थे। उन्हें विवेचना के दौरान पता चला कि आरोपी रिजवान पुत्र मुनाजिर है। थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके शांतिभंग में चालान कर दिया था। अब पुलिस ने इस मामले की विवेचना पूरी करते हुए आरोपी रिजवान के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी है।
–
इस्लामनगर पुलिस रफादफा करने में जुटी बंदर को घसीटने का मामला
बदायूं। इस्लामनगर इलाके में बंदर को रस्सी से बांधकर घसीटने के मामले में थाना पुलिस ने दूसरे दिन भी कार्रवाई नहीं की। बताया जा रहा है कि थाना पुलिस इस मामले को रफादफा करने की कोशिश कर रही है जबकि बंदर को रस्सी से बांधकर घसीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा है। कुछ लोग बंदर की मौत होने का भी दावा कर रहे हैं। क्राइम इंस्पेक्टर राजबली सिंह ने बताया कि अभी इस मामले में तहरीर नहीं आई है। वीडियो में बंदर को खोलने वाला दिखाई दे रहा है जबकि बांधने वाला कोई दूसरा है। संवाद