Budaun News: इंसास राइफल लूटने वालों की तलाश में पुलिस ने दी दबिश

ककराला में गैंगस्टर के अरोपी के घर दबिश देती पुलिस। संवाद
आरोपियों के खिलाफ हो चुकी हैं गैंगस्टर की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
अलापुर/ककराला। सोमवार को थाना पुलिस ने इंसास राइफल लूटने वाले गैंगस्टर अपराधियों की तलाश में ककराला में दबिश दी लेकिन इससे पहले ही आरोपी अपने घरों से भाग गए। पुलिस ने उनके परिवार वालों को चेतावनी दी है कि आरोपी घर लौटें तो इसकी सूचना दें।
ककराला में पिछले दिनों पुलिस पर हमला करके इंसास राइफल लूट ली गई थी। इसमें पुलिस ने गोकशी और पुलिस पर हमला करने वालों समेत बीस आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की। इसमें अब तक पंद्रह आरोपी जेल जा चुके हैं लेकिन पांच आरोपी अब भी फरार चल रहे हैं।
पुलिस लगातार उनको तलाश कर रही है। सोमवार को इंस्पेक्टर हरपाल सिंह बालियान ने पुलिस बल के साथ आरोपियों की तलाश में ककराला में दबिश दी लेकिन कोई आरोपी नहीं पकड़ा गया। पुलिस ने गोकशी करने वालों के यहां भी दबिश दी। वे भी अपने घरों से फरार मिले।
इंस्पेक्टर हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि गैंगस्टर के आरोपी हसरत अली, मोहम्मद नूर, सज्जाद अली, नबावुल और जीशान की तलाश में दबिश दी गई थी। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।