Budaun News: बच्ची से दुष्कर्म के तीन आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल
बदायूं। दस वर्षीय बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म के तीन आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। मामला सिविल लाइंस क्षेत्र के एक मोहल्ले का है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की 10 वर्षीय बालिका को नौ अक्तूबर को चप्पल के कारखाने में काम करने वाले तीन युवकों ने दूध मंगाने के बहाने बुलाकर सामूहिक दुष्कर्म किया था। आरोपियों ने बच्ची को परिजनों को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। एक महिला ने तीनों युवकों को बच्ची को कारखाने में ले जाते देख लिया था। उसने 10 अक्तूबर की शाम महिला ने बच्ची की दादी को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद दादी ने 11 अक्तूबर को थाना सिविल लाइंस पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों बॉबी, रामबाबू और सोनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। 12 अक्तूबर को तीनों को जेल भेज दिया गया। विवेचना सीओ सिटी आलोक मिश्र ने की। उन्होंने घटना से संबंधित सभी साक्ष्य संकलन कर विवेचना पूरी करके कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है।