Budaun News: गंगा में डूबकर बालक की मौत

मृतक अनुज का फाइल फोटो।
बांध के नजदीक खेलने गया था 12 वर्षीय अनोज
संवाद न्यूज एजेंसी
उसहैत (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव घसनगला में शनिवार सुबह 12 वर्षीय अनोज की गंगा नदी में डूबकर माैत हो गई। वह अपने साथी के साथ बांध के नजदीक खेलने गया था। इसी दौरान वह गंगा में नहाने चला गया। नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया। जब तक उसे बाहर निकाला गया उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
ग्राम घसनगला निवासी रामरहीश खेतीबाड़ी करते हैं। उनके दो बेटे और तीन बेटियां हैं। उनमें अनोज तीसरे नंबर का था। वह गांव के जूनियर हाईस्कूल में कक्षा आठ का छात्र था। परिवार वालों के अनुसार अनोज शनिवार सुबह करीब आठ बजे अपने दोस्तों के साथ गांव के नजदीक बांध किनारे खेलने गया था। वह खेलते-खेलते बांध के दूसरी ओर चला गया। वहां गंगा का पानी आ चुका है। मिट्टी भी दलदली हो गई है।
यहां अनोज नहाने के लिए गंगा में घुस गया। इस दौरान गहरे पानी में वह डूबने लगा। यह देखकर साथी शोर मचाते हुए गांव पहुंचे और उन्होंने परिवार वालों को सूचना दी। जानकारी के बाद परिजन और गांव के तमाम लोग बांध पर पहुंच गए। लोगों ने अनोज की तलाश शुरू की। करीब आधा घंटा बाद उसको नदी से बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई लेकिन परिवार वालों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर उसके शव को परिवार वालों के हवाले कर दिया। बाद में परिवार वालों ने किशोर के शव को दफन कर दिया।