Budaun News: घर के बाहर खेलते बच्चे की पिकअप से कुचलकर मौत

मृतक-अलीशान का फाइल फोटो। संवाद
बिल्सी। कस्बे के मोहल्ला संख्या आठ में घर के बाहर खेल रहे आठ वर्षीय अलीशान की रविवार शाम एक पिकअप वाहन से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मोहल्ला संख्या आठ निवासी फिरोज का बेटा अलीशान रविवार शाम करीब छह बजे अपने घर के सामने सड़क पर खेल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उस दौरान मोहल्ले के कई और बच्चे भी सड़क पर खेल रहे थे, लेकिन वह सड़क पर साइड में थे। उसी समय तेज रफ्तार में आए पिकअप वाहन ने बालक को अपनी चपेट में ले लिया। बालक वाहन के नीचे आ गया।
अलीशान की कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को देखकर तमाम लोग दौड़ पड़े। उन्होंने पिकअप को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसका चालक पिकअप को दौड़ा ले गया। कुछ लोगों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह पिकअप को पकड़ नहीं पाए। लोगों की सूचना पर एसआई नितिन शर्मा पुलिस के साथ पहुंच गए।
बताते हैं कि परिवार वालों ने पिकअप चालक को पहचान लिया है। कुछ लोग चालक से समझौता कराने की कोशिश में लगे रहे। इससे देर शाम तक बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जा सका। मासूम की मौत से उसकी मां आशिया बेगम का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक-अलीशान का फाइल फोटो। संवाद