Budaun News: बढ़ेगी ठंड… सर्द हवा के आगे धूप रहेगी बेअसर

बुधवार को सुबह छाय बादल व कोहरा। संवाद
बुधवार को अधिकतम तापमान में भी गिरावट की गई दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। दिन भर बादल छाए रहने से बुधवार को ठंड और बढ़ गई। हालांकि बीच-बीच में सूर्यदेव ने दर्शन दिए लेकिन धूप बेअसर रही, जिससे शाम होते-होते ठिठुरन बढ़ गई। मंगलवार की अपेक्षा अधिकतम तापमान में भी कमी दर्ज की गई। मौसम विज्ञानी का कहना है कि बृहस्पतिवार को भी बादल ऐसे ही छाए रहने का अनुमान है।
जैसे-जैसे दिसंबर आगे बढ़ रहा है वैसे-वैसे सर्दी में भी इजाफा होता जा रहा है। दिन में धूप खिलने से राहत तो मिलती है लेकिन शाम होते-होते सर्द हवा गलन का अहसास कराने लगती है। बुधवार को सुबह सूर्यदेव चमके लेकिन दिन बढ़ने के साथ उनकी चमक फीकी पड़ती चली गई और बादलों ने सूर्य को अपने आगोश में ले लिया।
इसके बाद बादल छाए रहे। इससे मंगलवार की अपेक्षा बुधवार को अधिकतम तापमान में भी कमी दर्ज की गई। मंगलवार को जहां अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री तथा न्यूनतम 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 21.3 तथा न्यूनतम 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
बादल और धुंधनुमा मौसम के कारण 24 घंटों का औसत एक्यूआई 156 दर्ज किया गया, वहीं दिन का एक्यूआई 165 रहा। जानकारों के अनुसार, 101 से 200 तक एक्यूआई होने पर माना जाता है कि हवा की गुणवत्ता बिगड़ रही है और ये संवेदनशील लोगों के लिए चिंताजनक होता है।
मौसम विज्ञानी डॉ. आलोक सागर गौतम के अनुसार, बृहस्पतिवार को भी बादल छाए रहने के आसार बन रहे हैं। उसके बाद के दिनों में मौसम मिलाजुला रहेगा। बादल छाने के साथ बीच-बीच में धूप भी निकलती रहेगी। तापमान में कमी आने से ठंड में इजाफा होगा।