Budaun News: जिला प्रोबेशन अधिकारी और डीडीओ समेत पांच के खिलाफ परिवाद दायर
वन स्टॉप सेंटर से बर्खास्त सेंटर इंचार्ज ने न्यायालय में दायर किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार, डीडीओ, सेवा प्रदाता कंपनी के अधिकारियों सहित पांच लोगों के खिलाफ न्यायालय में परिवाद दायर कराया गया है।
मूल रूप से उसावां निवासी नीतू सिंह पुत्री हरदन सिंह वन स्टॉप सेंटर में सेंटर मैनेजर थीं। नीतू सिंह के मुताबिक जेम पोर्टल के माध्यम से उन्होंने वन स्टॉप सेंटर में मैनेजर पद के लिए अप्लाई किया था। समिति में डीएम, सीडीओ, जिला समाज कल्याण अधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी ने उनका चयन किया।
उनके पास पांच साल का गिरजा सामाजिक सेवा बरेली और पांच साल का महिला कल्याण विभाग बदायूं का अनुभव था। 10 अक्तूबर 2022 को वन स्टॉप सेंटर से तीन लड़कियां चली गईं थीं। इस संबंध में तीन महिला कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया था। बाद में उन्हें बहाल भी कर दिया गया।
मामले की विस्तृत जांच कराई गई लेकिन वन स्टॉप सेंटर के किसी कर्मचारी का दोष नहीं निकला। नीतू के अनुसार फिर भी वन स्टॉप सेंटर के 10 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया। उनका पांच माह से ज्यादा का वेतन भी नहीं दिया गया।
नीतू सिंह का आरोप है कि निर्दोष होते हुए भी उनका उत्पीड़न किया गया। उन्हें दोषी करार दिया गया, इसमें जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार, जिला विकास अधिकारी राजकुमार, एजेंसी प्रदाता भारतीय सुरक्षा गार्ड एवं अन्य सेवाएं के अधिकारियों दीपक शुक्ला, प्रशांत शुक्ला, सीपी शुक्ला आदि का हाथ रहा। नीतू के अनुसार फिर दूसरी कंपनी के नाम से नए कर्मचारियों की भर्ती शुरू कर दी गई।
इस मामले में न्यायालय ने सुनवाई के लिए 28 जून तारीख लगाई है। जिला प्रबोशन अधिकारी से इस मामले में बात करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।