Budaun News: परिचालक को पीटा, पुलिसकर्मियों से हाथापाई
अलापुर थाना क्षेत्र के गांव खरखोली खुर्द का मामला, आरोपियों को जेल भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
अलापुर (बदायूं)। थाना क्षेत्र में खरखोली खुर्द के नजदीक गुंडा टैक्स वसूली करने वालों ने एक निजी बस के परिचालक के साथ मारपीट की। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस के सिपाहियों के साथ भी हाथापाई की गई, जिससे परिचालक समेत सिपाहियों के भी चोटें आईं। इसमें पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
उसावां कस्बे के वार्ड नंबर छह निवासी अंकित पुत्र राजेश्वर निजी बस का परिचालक है। बताते हैं कि वह रविवार को उसावां से बस लेकर अलापुर जा रहा था। तभी रास्ते में खरखोली खुर्द के पास कुछ लोगों ने बस रुकवा ली और परिचालक अंकित से गुंडा टैक्स मांगा। परिचालक ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट कर दी।
कुछ यात्रियों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन आरोपियों ने यात्रियों को हड़का दिया। बाद में यात्रियों ने यूपी 112 पुलिस को सूचना दे दी, जिससे कुछ देर बाद पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस कर्मी मामले की जानकारी जुटा रहे थे कि आरोपियों ने पुलिस कर्मियों के साथ भी हाथापाई कर दी। मौके पर काफी हंगामा हो गया।
पुलिस कर्मियों की सूचना पर अलापुर थाने से भी पुलिस पहुंच गई लेकिन तब तक कई आरोपी भाग गए लेकिन पुलिस ने खरखोली खुर्द निवासी नीतेश पुत्र रामपाल और जीतू पुत्र धर्मपाल को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई। दोपहर बाद उन्हें जेल भी भेज दिया गया।
इंस्पेक्टर हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि आरोपियों ने जबरन गुंडा टैक्स वसूलना चाहा। परिचालक को पीटा और सिपाहियों से हाथापाई की थी। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।