Budaun News: खाद संकट के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

डीएपी खाद को लेकर प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता।स्रोत-कांग्रेस
बदायूं। जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसी कलक्ट्रेट स्थित आंबेडकर पार्क में इकट्ठा हुए। वहां डीएपी, यूरिया की किल्लत के विरोध में किसानों के साथ धरना प्रदर्शन किया। बाद में जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव जितेंद्र कश्यप ने कहा कि जब किसान को यूरिया खाद की जरूरत होती है तो उसे समय पर नहीं मिल पाती है। ऐसे में किसान को ब्लैक में खाद खरीदनी पड़ती है। जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह ने कहा कि डीएपी, यूरिया खाद की कीमतें तो पहले से ही आसमान छू रही हैं, जबकि किसान के उत्पादन गेहूं, गन्ना, धान का मूल्य अपेक्षाकृत नहीं बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि समय पर डीएपी, यूरिया किसानों को मिलना चाहिए और निर्धारित रेट से कम करके किसानों को उपलब्ध कराना चाहिए। जिला उपाध्यक्ष सुरेश राठौर ने कहा कि समय पर पानी और खाद नहीं मिलने पर किसानों की फसल कमजोर हो रही है। उत्पादन पर असर पड़ रहा है। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट रामजीलाल को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर जिला प्रवक्ता प्रदीप सिंह, राजवीर सिंह यादव, गौरव सिंह राठौर, इगलास हुसैन, मुनेंद्र कनौजिया, हरवीर सिंह, मोरध्वज राजपूत, सफदर खान, उवैस अली आदि उपस्थित रहे।