Pilibhit News: बीडीओ ने जवाब तलब किया तो तकनीकी सहायक ने भेजा इस्तीफा
ग्राम पंचायत करेली में चकरोड बने बिना ही कर दिया गया था मापांकन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलसंडा। गांव में बिना काम हुए ही तकनीकी सहायक ने चकरोड बना हुआ दिखाकर उसका मापाकंन कर दिया और इसे रिकाॅर्ड में दर्ज भी कर लिया। जांच में खुलासा होने पर जब खंड विकास अधिकारी ने उसका स्पष्टीकरण मांगा तो तकनीकी सहायक ने इस्तीफा भेज दिया।
ब्लाॅक क्षेत्र के गांव कल्याणपुर तालुके करेली के प्रधान निशा यादव ने खंड विकास अधिकारी को पत्र देकर मनरेगा योजना के तहत ग्राम पंचायत में सुच्चा सिंह के झाले से ज्ञानी के खेत तक चकरोड पर मिट्टी का काम पूरा होने की बात कही थी। कहा गया था कि काम पूर्ण होने के बाद भी ग्राम पंचायत सचिव प्रकाश राम आर्य द्वारा उक्त कार्य की पत्रावली में भुगतान के लिए हस्ताक्षर नहीं किए जा रहे हैं।
पंचायत सचिव ने बताया कि चकरोड के मस्टर रोल में जिन श्रमिकों को दर्शाया गया वह मौजूद नहीं थे। सचिव की रिपोर्ट पर जब बीडीओ ने चार सदस्यों की टीम से जांच कराई तो मामला उलट निकला। टीम ने जब 30 नवंबर को मौके पर जाकर जांच की तो उक्त स्थान पर चकरोड का निर्माण कार्य होना ही नहीं पाया गया।
जांच में यह भी पाया गया कि तकनीकी सहायक अरुण मिश्रा ने काम प्रारंभ करने की तिथि 10 अक्तूबर 2023 तथा कार्य पूर्ण होने की तिथि 23 अक्तूबर 2023 तथा मापांकन की तिथि 25 अक्तूबर अंकित की थी। इस पर खंड विकास अधिकारी ने तकनीकी सहायक को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया। इधर स्पष्टीकरण नोटिस जारी होते ही तकनीकी सहायक अरुण मिश्रा ने अपने पारिवारिक स्थिति का हवाला देते हुए त्यागपत्र दे दिया। उनका त्यागपत्र खंड विकास अधिकारी कार्यालय में प्राप्त भी कर लिया गया है।
00
तकनीकी सहायक की ओर से इस्तीफा दिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।
– अमित शुक्ला, खंड विकास अधिकारी, बिलसंडा