Budaun News: कार की टक्कर से चकबंदी कार्यालय के लिपिक की मौत

मृतक ओमपाल सिंह का फाइल फोटो
विद्युत उपकेंद्र के सामने हुआ हादसा, खाना खाकर टहलने निकले थे लिपिक
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शहर में विद्युत उपकेंद्र के सामने एक कार की टक्कर से चकबंदी कार्यालय में तैनात लिपिक ओमपाल (35) की मौत हो गई। ओमपाल रविवार शाम खाना खाकर सड़क पर टहलने निकले थे।
कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव इमलिया के मूल निवासी ओमपाल पुत्र जानकी प्रसाद का परिवार कई साल से शहर के आवास विकास कॉलोनी में रह रहा है। ओमपाल संभल जिले में चकबंदी कार्यालय में लिपिक थे। रविवार को छुट्टी के दिन वह घर आए हुए थे। परिवार वालों के मुताबिक ओमपाल टहलते हुए आवास विकास के नजदीक विद्युत उपकेंद्र के सामने पहुंचे।
तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को देखकर तमाम राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े लेकिन तब तक चालक कार को दौड़ा ले गया। राहगीरों की सूचना पर सिविल लाइंस थाना पुलिस पहुंच गई। परिवार वाले भी आ गए और तुरंत उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां एक घंटे बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।