बदायूं

Budaun News: सड़क हादसे में चचेरे भाइयों की मौत

Connect News 24

cousins died in road accident

मृतक नारायण का फाइल फोटो।

मूसाझाग थाना क्षेत्र में नई सड़क के पास बुधवार देर रात हुआ हादसा

– नामकरण संस्कार का सामान खरीदकर घर लौट रहे थे बाइक सवार

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र में किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चचेरे-तहेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों की शिनाख्त कराने के बाद मृतकों के परिजनों को सूचना दी।

मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव बजरमैरी निवासी 35 वर्षीय अमरपाल पुत्र भगवंत अपनी बेटी के नामकरण संस्कार के लिए बुधवार को अपने चचेरे भाई 24 वर्षीय नारायण पुत्र गंगाराम के साथ दातागंज खरीदारी करने गया था। रात करीब साढ़े 11 बजे बाइक से वह घर लौट रहे थे। मूसाझाग क्षेत्र में नई सड़क के पास किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के परिजनों ने बताया कि अमरपाल की बेटी का बृहस्पतिवार को नामकरण संस्कार होना था। इस वजह से वह अपने चचेरे भाई के साथ जरूरी सामान खरीदने गया था। एक ही परिवार में दो मौत होने के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। इस संबंध में एसओ मूसाझाग शिवेंद्र भदौरिया ने बताया कि दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं लगाया था। वाहन की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।

मोबाइल बंद होते ही परिजनों को होने लगी थी अनहोनी की आशंका

बुधवार रात 11 बजे तक नारायण और अमरपाल की परिजनों से फोन पर बात हुई तो उन्होंने कहा कि वे जल्द ही घर पहुंच जाएंगे। इसके बाद परिजन उनका इंतजार करते रहे। करीब साढ़े 11 बजे उन्होंने फिर से नारायण को फोन लगाया तो उसका मोबाइल बंद मिला। बाद में अमरपाल का नंबर लगाया गया तो वह भी बंद मिला। इससे परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी। वह नई सड़क पर पहुंचे तो वहां बाइक सड़क किनारे पड़ी थी। इससे पहले पुलिस दोनों को एंबुलेंस में ले जा चुकी थी। वे टॉर्च की रोशनी में दोनों को बाइक के पास तलाश रहे थे तो टॉर्च की रोशनी देखकर पुलिस उनके पास पहुंची। पुलिस ने उनसे पूछा तो उन्होंने दोनों के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस ने दोनों के चेहरे उनको दिखाए।

पांच दिन पहले ही हुआ था अमरपाल की बेटी का जन्म

अमरपाल की बेटी का जन्म 13 मई को हुआ था। बेटी के नामकरण संस्कार की तैयारी उसने उसी दिन से शुरू कर दी थी। रिश्तेदारों को भी दावत दे चुका था। एक दिन पहले कुछ करीबी रिश्तेदार घर आ चुके थे। मगर, कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। नामकरण संस्कार से एक दिन पहले ही अमरपाल इस दुनिया से चला गया। उसकी पत्नी को जब हादसे की खबर मिली तो वह बेहोश हो गई। पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है।

मृतक नारायण का फाइल फोटो।

मृतक नारायण का फाइल फोटो।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button