Budaun News: कमरे में मिला विवाहिता का शव, दहेज हत्या में रिपोर्ट

दहेज हत्या के बारे में जानकारी देते मृतका के पिता दिवारी लाल। संवाद
गौतमपुरी मोहल्ले में बृहस्पतिवार देर रात का मामला
– पति और सास समेत पांच नामजद, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी। विवाहिता रेनू की संदिग्ध हालात में मौत पर शुक्रवार सुबह हंगामा हो गया। मृतका के पिता ने पति और सास समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मृतका रेनू (24) गौतमपुरी मोहल्ला निवासी अजय कुमार की पत्नी थी। रेनू को बृहस्पतिवार की शाम अपने मायके जाना था। इसे लेकर दंपती के बीच क्या हुआ, यह तो घरवाले भी नहीं बता पा रहे हैं। देर रात रेनू की तबीयत बिगड़ गई। पति अजय समेत परिवार के लोग उसे लेकर निजी क्लीनिक पर पहुंचते, उससे पहले ही रेनू ने दम तोड़ दिया। अजय की सूचना के बाद मृतका का पिता हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव असपपुर निवासी दिवारी लाल अपने परिजनों के साथ गौतमपुरी आ गया।
दिवारी लाल ने बताया कि रेनू के गले पर फंदे का निशान था। पति और सास समेत परिवार के लोग दहेज में बाइक और फ्रिज की मांग कर रहे थे। आरोप लगाया कि मांग पूरी न होने पर पति समेत उसके परिजनों ने रेनू की गला दबाकर हत्या कर दी और शव फंदे पर लटका दिया। मृतका के मायके पक्ष के लोगों के हंगामा करने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। सीओ शक्ति सिंह भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने पति अजय और सास समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने एक परिजन को हिरासत में भी ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रेनू की मौत के मामले में दहेज हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पिता बोले- साजिश के तहत नहीं भेजा था मायके
बेटी रेनू की मौत के बाद पिता दिवारी लाल ने पोस्टमार्टम से पहले बताया कि उसे बुलाकर लाने के लिए बृहस्पतिवार पूर्वाह्न उन्होंने अपने बेटे को गौतमपुरी भेजा था। उस वक्त रेनू ठीक थी। इसके बाद पति ने रेनू को प्रताड़ित किया। मायके वालों को शक न हो, इसलिए देर शाम ही मार दिया गया। गुमराह करते हुए फोन करके बताया था कि पेट में दर्द की वजह से रेनू की हालत बिगड़ गई है।