शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: छह दिन से लापता युवक का शव खन्नौत नदी में उतराता मिला

Connect News 24

The dead body of a youth missing for six days was found floating in the Khannaut river

खन्नौत नदी में युवक का शव मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम। संवाद

भावलखेड़ा। थाना तिलहर क्षेत्र के गांव बंथरा निवासी 22 वर्षीय विजय सक्सेना का शव सड़ी-गली अवस्था में थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव रौसर के पास खन्नौत नदी में पड़ा मिला। वह छह दिन पूर्व घर से दिल्ली जाने की बात कहकर निकला था। पहले अपनी ननिहाल गांव रौसर आया। यहां एक घंटे रुकने के बाद चला गया। तबसे उसका कोई सुराग नहीं लग रहा था।

विजय दिल्ली में एक तंबाकू फैक्टरी में नौकरी करता था। इन दिनों वह छुट्टियों में घर आया था। 20 मई को वह घर से दिल्ली जाने की बात कहकर निकला था। घर से निकलने के बाद सबसे पहले गांव रौसर में अपने मामा राममूर्ति के घर आया। यहां एक घंटा रुकने के बाद वह चला गया। परिजनों ने जानकारी के लिए उसके मोबाइल पर कॉल की तो नंबर स्विच ऑफ बताने लगा।

पिता लक्ष्मण के मुताबिक, उसकी कई स्थानों पर तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को ग्रामीणों ने पशु चराते समय नदी में शव उतराता देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस के साथ मृतक के परिवार वाले भी आ गए। शव सड़ी-गली अवस्था में था। परिजनों ने कपड़ों के जरिये उसकी पहचान की। पुलिस में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

तीन घंटों तक सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस

-विजय सक्सेना का शव दोपहर करीब एक बजे बरामद हो गया था। सूचना पर थाना राम चंद्र मिशन एवं चौक कोतवाली पुलिस मौके पर आ गई। दोनों थानों की पुलिस में सीमा विवाद को लेकर तनातनी होती रही। बाद में एसपी सिटी सुधीर जायसवाल मौके पर आए और जांच कर सीमा थाना राम चंद्र मिशन क्षेत्र के अंतर्गत होना बताया। इसके बाद आरसी मिशन पुलिस हरकत में आई।

वर्जन

-फोरेंसिक टीम ने जांच के लिए सैंपल लिए हैं। मामले की जांच की जा रही है। अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही अग्रिम कार्रवाई होगी। -सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी, शाहजहांपुर।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button