Budaun News: इलाज के दौरान युवक की मौत, क्लीनिक में हंगामा

पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतक मुकेश मिश्रा के परिजन। संवाद
– परिवार वालों ने 24 अगस्त को कराया था भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शहर में इंदिरा चौक के नजदीक एक क्लीनिक में उपचार के दौरान 35 वर्षीय मुकेश मिश्रा की मौत हो गई। इस पर परिवार वालों ने हंगामा कर दिया। उनकी सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई। परिवार वालों ने डॉक्टर व स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव गनगोला निवासी मुकेश मिश्रा पुत्र रामेश्वर दयाल मिश्रा को 24 अगस्त को इंदिरा चौक के नजदीक एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। परिवार वालों का कहना है कि 23 अगस्त को उनको पेट में दर्द शुरू हुआ था। उस दिन उन्होंने डॉक्टर से दवा ले ली थी, जिससे हालत में कुछ सुधार हुआ था। अगले दिन फिर से उनकी हालत बिगड़ गई। इससे परिवार वाले उन्हें इंदिरा चौक के पास निजी क्लीनिक ले आए। तब से उनका वहीं उपचार चल रहा था। 25 अगस्त की शाम परिवार वाले उन्हें ठीक हालत में छोड़कर गए थे। उन्होंने कहना कि शनिवार सुबह करीब पांच बजे मुकेश मिश्रा की मौत हो गई। रात उनके साथ रिश्तेदार सुरेंद्र उपाध्याय थे। उनका आरोप है कि उन्होंने कई बार डॉक्टर और स्टाफ को बुलाया लेकिन कोई मुकेश को देखने नहीं आया। सुबह हंगामा की सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई। उसके बाद पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।