Budaun News: खेत बचाने के लिए किसान ने बनाया बांध, सात दर्जन घर पानी से घिरे

उझानी कोतवाली में शिकायत करते संजरपुर के महिला-पुरुष। संवाद
– समाधान दिवस में संजरपुर के ग्रामीणों ने उठाया मामला, राजस्व निरीक्षक समेत कर्मचारियों ने किया मौका मुआयना
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। बारिश से लबालब हुए तालाब के पानी को खेत में आने से रोकने के लिए किसान ने बांध बनाया तो संजरपुर गांव के सात दर्जन से अधिक घर पानी से घिर गए। परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को कोतवाली में समाधान दिवस में पहुंचकर मामला उठाया। इस पर राजस्व निरीक्षक और चार लेखपालों ने मौका-मुआयना कर पानी का रुख खेतों की ओर करवाया।
जलभराव से परेशान संजरपुर के ग्रामीण शनिवार को ट्रैक्टर-टॉली पर सवार होकर कोतवाली पहुंचे। वहां समाधान दिवस कार्यक्रम में उन्होंने प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह को शिकायती पत्र सौंपा। साथ ही हालात पर बनाया वीडियो दिखाते हुए ग्राम सभा की भूमि पर अनाधिकृत तरीके से बांध बनाने का आरोप लगाया। कोतवाली पहुंचीं महिलाओं में सुनीता, भूदेवी और सुशीला ने बताया कि घरों और आम रास्ते में पानी भर जाने से काफी दिक्कत हो रही है। छोटे बच्चे घर में कैद होकर रह गए हैं। जरूरी कामकाज के लिए घुटनों तक पानी से होकर जाना पड़ता है।
प्रभारी निरीक्षक सिंह ने राजस्व निरीक्षक रवेंद्र कुमार शर्मा से इस मुद्दे पर बात की। राजस्व निरीक्षक शर्मा ने चार लेखपालों के साथ मौका मुआयना कर जमीन की पैमाइश कराई। इसके बाद पानी का बहाव खेतों की ओर करवाई। इससे ग्रामीण शांत हुए। उन्होंने उम्मीद जताई कि रातभर में गांव की सड़कों पर जमा पानी हट जाएगा।