Budaun News: सुबह का निकला नहीं, शाम को फिर भरा सड़कों पर पानी

जोगीपुरा से लावेला चौक
बदायूं। सुबह तड़के हुई बारिश से शहरवासियों को गर्मी से तो निजात मिल गई, लेकिन सड़कों पर जलभराव हो गया। पूरे दिन सड़कों पर भरा पानी धीरे-धीरे शाम तक कुछ कम हुआ, लेकिन शाम फिर से बारिश होने पर सड़कें दोबारा जलमग्न हो गईं।
शनिवार सुबह करीब तीन बजे जमकर दो घंटे तक बारिश हुई। इसकी वजह से मौसम सुहाना हो गया। साथ ही लोगाें को गर्मी से निजात मिल गई, लेकिन जैसे ही लोग घरों से बाहर निकले तो पाया कि सड़क पर काफी पानी भरा हुआ था। खासतौर पर जोगीपुरा, सकरी क्लीनिक रोड, छह सड़का से शिवमंदिर रोड, नेकपुर, आवास विकास, शिवपुरम आदि जगहों पर जलभराव हो रहा था। मजबूरी में लोग गंदे पानी से होकर वहां से निकले।
हालांकि दिन में अधिकांश समय तक काले बादल छाए रहे। हालांकि दिन में बारिश नहीं हुई। इसकी वजह से सड़कों पर जो जलभराव हो रहा था। वह कम हाेने लगा, लेकिन शाम पांच बजे तक सड़कों से जलभराव खत्म नहीं हो सकता था। ऐसे में लोगों को आने जाने में दिन भर परेशानी रही। वहीं शाम समय फिर से तेज बारिश हुई। करीब पौन घंटे तक ही झमाझाम बारिश ने फिर से सड़क पर जलभराव कर दिया।
घराें में भरा पानी
शनिवार को हुई झमाझाम बारिश की वजह से आवास विकास, नेकपुर, शिवपुरम, जवाहरपुरी में लोगाें के घरों में पानी घुस गया। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई। बारिश बंद होने के बाद में लोगों ने घरों से पानी बाहर निकाला।
सुबह और शाम को बिजली रही गुल
सुबह के समय बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया था। ऐसे में बिजली गुल होने से लोगों को ज्यादा दिक्कत नहीं हुई, लेकिन शाम को बारिश होने पर बिजली गुल हो गई। जोगीपुरा, नेकपुर, आवास विकास, जवाहरपुरी, शिवपुरम आदि कई क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति काफी देर तक बाधित रही। ऐसे में लोगोें काे काफी परेशानी हुई, क्योंकि शाम का वक्त होने पर हर तरफ अंधेरा छा गया था।
नाला चोक होने से हो रहा जलभराव
बिसौली। हजारा रोड पर नाला चोक होने से हो रहे जलभराव की समस्या से लोग परेशान हैं। थोड़ी सी ही बारिश में नाले के ऊपर गंदा पानी बहने लगता है। नगर पालिका सभासद दीपक पाठक के अनुसार, उन्होंने कई बार नगर पालिका से इसकी शिकायत की लेकिन कोई रास्ता नहीं निकला। उनका कहना है कि यदि इसकी सफाई हो जाती है तो इस तरह की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। कहा कि यदि तीन दिन के अंदर नाले की सफाई नही हुई तो इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की जाएगी। संवाद

जोगीपुरा से लावेला चौक