Budaun News: डीजे बजाने से मना किया तो पत्नी को पेट्रोल छिड़ककर जलाया
बिनावर (बदायूं)। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव धर्मपुर निवासी भगवान सिंह ने अपने बहनोई पर बहन को पेट्रोल छिड़ककर जलाने का आरोप लगाया है।
उसका कहना है कि उसने करीब आठ साल पहले अपनी बहन यशोदा देवी की शादी अमानाबाद के किशन लाल के साथ की थी। किशनलाल लगातार बहन परेशान कर रहा था। मंगलवार रात आठ बजे उसकी बहन को बुखार आ गया था। उसके सिर में दर्द हो रहा था। उसका बहनोई घर में शराब पीकर डीजे बजा रहा था। जब उसकी बहन ने डीजे बजाने का विरोध किया तो दोनों में कहासुनी हो गई।
बाद में उसके बहनोई ने मारपीट करते हुए उसकी बहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। मोहल्ले वाले उसे भमोरा क्षेत्र बल्लिया के निजी अस्पताल ले गए। वहां से ससुराल वाले उसे छोड़कर चले गए। इसकी सूचना पर वह अस्पताल पहुंच गया।
बाद में उसने ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। अब महिला का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इंस्पेक्टर ऋषिपाल सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। संवाद