Pilibhit News: देवहा नदी पर बने पुल की एप्रोच रोड धंसी

तहसील क्षेत्र के भंगा मोहम्मद गंज के पास देवहा नदी पर बने पुल की अप्रोच कटी । संवाद
– बुधवार शाम को एकाएक नदी में समाया सड़क का हिस्सा
– दो दर्जन से ज्यादा गांवों का संपर्क टूट, पुलिस बल तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
अमरिया (पीलीभीत)। नेशनल हाईवे के माधौपुर चौराहे से पीलीभीत शहर को जाने वाले रास्ते पर बने देवहा नदी के पुल की एप्रोच रोड बुधवार शाम को धंस गई। जिससे यहां आवागमन बंद कर दिए जाने से दो दर्जन गांवों का संपर्क टूट गया। मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है।
देवहा नदी का पुल तहसील अमरिया से भंगा मोहम्मद गंज, भिकारीपुर, कुर्रा, धनकुना, रफियापुर,मैहचंदी सहित करीब दो दर्जन से ज्यादा गांव को जोड़ता है। यह पुल 2015 में बना था। तेज कटान के कारण बुधवार शाम पुल के शुरुआत में करीब 12 फुट सड़क धंसकर बह गई। सड़क का मलबा नदी में बह गया।
एकाएक पुल का बड़ा हिस्सा ढहने से वहां भगदड़ मच गई। गनीमत रही कि इस दौरान वहां से कोई गुजर नहीं रहा था। कुछ लोग जो पुल पर पीछे थे वे लौट गए। जानकारी होने पर तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस भी आ गई। हादसे की आशंका को देखते हुए पुल पर आवागमन बंद करा दिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस की ड्यूटी लगा दी गई है।
15 की जगह अब करनी होगी 40 किलोमीटर की दूरी तय
शहर से सटे भिखारीपुर व अन्य गांवों के लोग इस पुल से होते हुए अमरिया कुछ ही देर में पहुंच जाते थे। करीब 12-15 किलोमीटर की दूरी तय करनी होती थी। पुल पर आवागमन बंद होने से अब इन लोगों को शहर होकर जहानाबाद होते हुए अमरिया जाना होगा। अब भिखारीपुर से अमरिया की दूरी करीब 40 किलोमीटर पड़ेगी।