Budaun News: कोरोना से घबराएं नहीं, सावधानी बरतें

अपराजिता कार्यक्रम में बैठी छात्राएं। संवाद
बदायूं। जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. नितिन कुमार सिंह ने आज यहां कहा कि कोरोना के नए वैरिएंट से घबराने की नहीं बल्कि सावधानी रखने की जरूरत है। हमें अपनी दैनिक आदतों में बदलाव करके इससे मुकाबला करना होगा। वह अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स अभियान के अंतर्गत केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विचार व्यक्त कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि डर किसी समस्या का हल नहीं होता। जरूरी नहीं है कि हर छींक, खांसी या अन्य लक्षण कोरोना हो, बावजूद इसके एहतियात बेहद जरूरी है। जैसे कोविड-19 के समय बचाव किया गया था, वैसे ही इस वैरिएंट से बचाव के लिए भी सतर्कता बरतें। जब आप सतर्क रहेंगे तो वायरस को फैलने का मौका नहीं मिलेगा और आप सुरक्षित रहेंगे।
ईएमओ ने कहा कि कोरोना के नए वैरिएंट जेएन-1 के लक्षणों में अमूमन लोगों में खांसी, सांस लेने में कठिनाई, थकान, मांसपेशियों व शरीर में दर्द, सरदर्द, गले में खराश, नाक बंद या बहने जैसी समस्या देखी जा रही है। अगर ऐसा हो तो एहतियात के तौर पर जांच जरूर कराएं। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाएं।
इस मौके पर प्रधानाचार्य डॉ. अमलेश गुप्ता, कविता रस्तोगी, हेमा मेहता, प्रवीन रानी समेत काफी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

अपराजिता कार्यक्रम में बैठी छात्राएं। संवाद