Pilibhit News: रोडवेज की दो बसों से 45 हजार का डीजल चोरी

बीसलपुर कोतवाली में एकत्र होकर तहरीर देने पहुंचे रोडवेज बसों के कर्मचारी । संवाद
बीसलपुर। रोडवेज बस स्टैंड परिसर में खड़ी दो बसों से बुधवार की रात चोरों ने 450 लीटर डीजल चुरा लिया। इसकी कीमत करीब 45 हजार रुपये है। चोरों ने कुछ अन्य बसों से भी डीजल चुराने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।
बुधवार की शाम एक दर्जन बसें रोडवेज बस स्टैंड में खड़ी थीं। बुधवार की रात किसी समय चोरों ने इनमें से दो बसों के डीजल टैंक के लॉक तोड़कर उनमें से लगभग 450 लीटर डीजल चुरा लिया। चोरों ने पास में खड़ी कुछ अन्य बसों के भी डीजल टैंकों के लॉक तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।
बृहस्पतिवार की सुबह बस स्टैंड के चौकीदार अमर सिंह ने जब दो बसों के डीजल टैंक के लॉक टूटे देखे तब उसने संबंधित बसों के चालक-परिचालकों को सूचना दी। कुछ ही देर में बस स्टैंड पर सभी बसों के चालक पहुंच गए। बस चालकों ने कोतवाली जाकर मामले की संयुक्त रूप से तहरीर दी और चोरी में चौकीदार की संलिप्तता होने का शक जताया।
पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद चौकीदार के बयान दर्ज किए। तहरीर पर ओमप्रकाश, संजीव कुमार, रिजवान, राजू, रतीराम, इमरान अहमद, मुकेश कुमार, नरेश कुमार, हिमांशू गंगवार, महेंद्र गंगवार, सुदेश यादव आदि कर्मचारियों के हस्ताक्षर हैं। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कर्मचारियों ने पीलीभीत रोडवेज के सहायक प्रबंधक और बरेली के महाप्रबंधक को फोन पर पूरे मामले की जानकारी दे दी है।