Budaun News: हीट स्ट्रोक से बचने को लगातार पीएं पानी, कम करें एसी-कूलर का इस्तेमाल
जेएस (पीजी) डिग्री कॉलेज में आयोजित हुआ कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। डिप्टी सीएमओ डॉ. मोहम्मद असलम ने कहा कि इस बार गर्मी ज्यादा रहेगी। लू से बचने के लिए अभी से अलर्ट घोषित कर दिया गया है। कुछ सावधानियां और बचाव के तरीके भी सार्वजनिक किए गए हैं। गांव में घर-घर जाकर आशा वर्कर लोगों को समझा रही हैं। उन्हें लू से बचाव और प्राथमिक उपचार की जानकारी दे रहीं हैं।
मंगलवार को अमर उजाला के अपराजिता 100-मिलियन स्माइल अभियान के तहत उनौला के नजदीक स्थित जेएस (पीजी) डिग्री कॉलेज में तमाम बीमारियों से बचने की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि डिप्टी सीएमओ डॉ. मोहम्मद असलम ने बताया कि इस समय स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत लोगों को जागरूक किया जा रहा है। हीट स्ट्रोक से बचने के उपाय बताए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस बार तापमान काफी ज्यादा रहेगा। ऐसे में घर से निकलने से पहले खूब पानी पीएं। अगर अचानक बुखार आता है या उल्टियां शुरू हो जातीं हैं या चक्कर आते हैं तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। संबंधित व्यक्ति को हवादार कमरे में लिटाएं। ऐसी और कूलर का इस्तेमाल न करें। उसके शरीर को कपड़े को पानी में भिगोकर पोछें, जिससे उसका बुखार उतर जाएगा। दिन में 11 बजे से चार बजे तक घर से बाहर कम से कम निकले। उन्होंने कहा कि आज कल महिलाओं खासकर किशोरियों में खून की कमी हो जाती है। वह एनिमिक हो जाती हैं। उन्हें बचाव और सावधानी बरतने की जरूरत है। ज्यादा दिक्कत होती है तो वह डॉक्टर से संपर्क कर दवा ले सकती हैं। इस दौरान कार्यक्रम में प्रधानाचार्य व स्टाफ मौजूद रहा।